Samachar Nama
×

भ्रामक तस्वीर फैलाने वाले और प्रसारित करने वालों पर करेंगे मानहानि का केस : संजय सिंह

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रवेश वर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर की फर्जी तस्वीरें जारी कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है।

इस मामले को लेकर ‘आप’ नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मानहानि का केस करने की चेतावनी दी है। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रवेश वर्मा द्वारा जारी की गई तस्वीरें पूरी तरह फर्जी, झूठी और बेबुनियाद हैं।

उन्होंने दावा किया कि ये तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘पिंटरेस्ट’ से डाउनलोड की गई हैं और इन्हें केजरीवाल के घर के रूप में प्रचारित किया जा रहा है।

संजय सिंह ने कहा कि इस तरह की भ्रामक तस्वीरें फैलाने वालों और उन्हें प्रसारित करने वाले टीवी चैनलों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सच्चाई सामने लानी है तो दिल्ली के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और प्रवेश वर्मा अपना-अपना आवास जनता के लिए खोल दें।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल भी अपना घर जनता के लिए खोलने को तैयार हैं, जिससे आम लोग खुद तय कर सकें कि किसका घर कितना आलीशान है।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी प्रवेश वर्मा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास केजरीवाल के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए अब इंटरनेट से तस्वीरें उठाकर झूठ फैलाया जा रहा है।

आतिशी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि इससे बेहतर होता कि ‘एआई’ का इस्तेमाल कर लिया जाता, ताकि यह फर्जीवाड़ा इतनी जल्दी पकड़ में न आता।

वहीं, ‘आप’ विधायक संजीव झा ने भी इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग झूठी तस्वीरें फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें अब कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने भी भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो अपने-अपने घर जनता के लिए खोलें।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags