Samachar Nama
×

भोपाल में वंदे भारत ट्रेन के रखरखाव की तैयारी जोरों पर

भोपाल में वंदे भारत ट्रेन के रखरखाव की तैयारी जोरों पर
भोपाल में वंदे भारत ट्रेन के रखरखाव की तैयारी जोरों पर

भोपाल, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भोपाल रेल मंडल में वंदे भारत ट्रेन का रखरखाव किया जाएगा, इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं । आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में वंदे भारत ट्रेनों के अनुरक्षण एवं रखरखाव के लिए भोपाल कोच फैक्ट्री प्रांगण में अत्याधुनिक मेंटेनेंस डिपो का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से भोपाल मंडल में संचालित होने वाली वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव की सुविधाओं में वृद्धि होगी।

रेलवे बोर्ड द्वारा सात अक्टूबर 2025 को वंदे भारत ट्रेन मेंटेनेंस डिपो के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके पश्चात 13 जून 2026 से निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। इस परियोजना को सितंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 146 करोड़ रुपए की लागत से 6 नई अनुरक्षण लाइनें विकसित की जा रही हैं। इन लाइनों के निर्माण से वंदे भारत ट्रेनों का निरीक्षण एवं अनुरक्षण भोपाल में ही संभव हो सकेगा। इससे ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता में वृद्धि होगी तथा आधुनिक ट्रेनों के अनुरक्षण के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वर्तमान में रानी कमलापति स्थित डिपो में वंदे भारत ट्रेनों का केवल साप्ताहिक निरीक्षण किया जा रहा है।

प्रस्तावित नए मेंटेनेंस डिपो के निर्माण के बाद भोपाल में ही वंदे भारत ट्रेनों का मध्यम एवं दीर्घकालीन अनुरक्षण भी संभव हो सकेगा। इससे ट्रेनों के रखरखाव की व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा अनुरक्षण संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी।

भारतीय रेल में एलएचबी कोचों से युक्त रेलगाड़ियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे देखते हुए उनके नियमित रखरखाव के लिए अतिरिक्त अनुरक्षण सुविधाओं का विकास भी आवश्यक है। इसी क्रम में निर्माणाधीन वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो में एलएचबी रेकों के नियमित रखरखाव के लिए दो नई पिट लाइनों के निर्माण का भी प्रस्ताव किया गया है।

बताया गया है कि नई पिट लाइनों के विकसित होने से एलएचबी रेकों का नियमित अनुरक्षण कम समय में किया जा सकेगा। इससे एक ओर अधिक रेकों का रखरखाव सुगमता से संभव होगा, वहीं दूसरी ओर भोपाल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर मौजूदा अनुरक्षण सुविधाओं पर दबाव भी कम होगा। मेंटेनेंस डिपो परिसर में विभिन्न निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इनमें वाशिंग पिट की मध्य दीवार की कास्टिंग, वाशिंग पिट की दाईं ओर की साइड फुटिंग की कास्टिंग, प्रशासनिक भवन का निर्माण, इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग बिल्डिंग की छत की शटरिंग एवं रीइन्फोर्समेंट बाइंडिंग तथा एसटीपी की दीवारों की कास्टिंग जैसे कार्य शामिल हैं।

इस परियोजना के पूर्ण होने से भोपाल मंडल में वंदे भारत एवं एलएचबी रेकों के रखरखाव की क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही आधुनिक रेलगाड़ियों के अनुरक्षण के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित होने से रेल परिचालन की दक्षता और आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।

--आईएएनएस

एसएनपी/एमएस

Share this story

Tags