Samachar Nama
×

भोपाल में बढ़ती गर्मी के बीच पक्षियों के लिए जल प्रबंधन

भोपाल, 9 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में गर्मी अपना असर दिखा रही है। इससे इंसान ही नहीं, पक्षी भी परेशान हैं। जहां लोगों को हीट वेव से बचने की सलाह दी जा रही है, तो वहीं पक्षियों के लिए पानी का इंतजाम किया जा रहा है। भोपाल रेल मंडल ने तो कई स्थानों पर पानी के सकोरे लगाए हैं।

राज्य में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है और गर्म हवाएं परेशान कर देने वाली हैं। पक्षियों को आसानी से पानी मिल सके, इसके लिए रेल चिकित्सालय भोपाल के पार्क एरिया में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा के नेतृत्व में मेडिकल टीम एवं स्टाफ द्वारा पक्षियों के पानी पीने के लिए सकोरे लगाए गए।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने घरों एवं कार्यस्थलों पर भी ग्रीष्म ऋतु में पक्षियों के हित में सकोरे लगाने एवं नियमित रूप से उनमें पानी भरने का संदेश दिया गया। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना सामाजिक एवं मानवीय जिम्मेदारी है तथा इस प्रकार के छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं।

वहीं, दूसरी ओर बढ़ती गर्मी और लू प्रबंधन को लेकर मध्य प्रदेश सरकार के गृह विभाग के अंतर्गत आने वाले आपदा प्रबंधन संस्थान द्वारा यूनिसेफ, यूएन विमेन, नागरिक समाज संगठनों, रोटरी क्लब और भारत मौसम विज्ञान विभाग जैसे विभिन्न विकास भागीदारों के सहयोग से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला में लू से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों में समन्वित तैयारी और शमन रणनीतियों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके साथ लू के कारणों, इसकी बढ़ती आवृत्ति और जनस्वास्थ्य, आजीविका, बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था तथा संवेदनशील समुदायों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags