Samachar Nama
×

भोपाल की युवतियों ने बाल विवाह के खिलाफ जलाई मशाल

भोपाल की युवतियों ने बाल विवाह के खिलाफ जलाई मशाल
भोपाल की युवतियों ने बाल विवाह के खिलाफ जलाई मशाल

भोपाल, 25 नवंबर (आईएएनएस)। देश की आधी आबादी की प्रगति में सबसे बड़ी समस्या बाल विवाह है, जिसका असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। इसे रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर से लेकर राज्य स्तर तक मुहिम चलाई जा रही है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कई ऐसी युवतिया हैं जिन्होंने न केवल अपने बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई लड़ी बल्कि बाल विवाह को रोकने की मशाल लेकर आगे चल रही है।

बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जोर जबरदस्ती से होने वाले विवाह को रोकने के लिए चल रही मुहिम का असर भी नजर आ रहा है। बात मध्य प्रदेश की करें तो बीते कुछ सालों के प्रयास का नतीजा रहा कि यहां होने वाले बाल विवाह में 12 फीसदी की कमी आई है। कभी 32 प्रतिशत बाल विवाह हुआ करते थे जो अब घटकर 20 प्रतिशत रह गए हैं। एक तरफ जहां सरकारी स्तर पर बाल विवाह रोकने की कोशिश हो रही है, वहीं विभिन्न संगठनों के साथ किशोरी और युवतियां भी आवाज बुलंद करने में लगी है।

समाचार न्यूज आईएएनएस ने बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाली कुछ युवतियों से बात की तो उन्होंने बताया कि आधी आबादी की बड़ी मुसीबत और समस्या की वजह कम उम्र में शादी होना है।

राजधानी के आरिफ नगर में रहने वाली दो बहनें तबस्सुम (23) और नुसरत (18) बताती हैं कि वह अपने आसपास बड़ी तादाद में ऐसी लड़कियों की शादी होते हुए देखती हैं, जिनकी उम्र अभी खेलने और पढ़ने की है। तबस्सुम ने अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि लगभग 2 साल पहले एक लड़की जिसकी उम्र 13 साल थी, उसका रिश्ता किया जा रहा था। उस समय वह आठवीं में पढ़ती थी। परिवार के लोगों को समझाया तो वह उनकी बात मान गए और बेटी की शादी नहीं की।

जीनत 22 साल की है और एमएसडब्ल्यू की पढ़ाई कर रही है। उसने अपनी कहानी में बताया कि जब वह 16 साल की थी, तभी से परिवार के लोग शादी की बात कर रहे हैं, मगर उसने कई साल की कोशिश के बाद अपने परिवार को इस बात के लिए राजी किया कि वह पहले पढ़ाई कर ले, उसके बाद शादी कर लेगी। उसकी एक छोटी बहन है, जो 14 साल की है और नाते रिश्तेदार तो यहां तक दबाव डाल रहे हैं कि दोनों की शादी एक साथ कर दो।

जीनत ने कहा कि कम उम्र में शादी होने से कई तरह की समस्याएं आती हैं, एक तरफ पढ़ाई नहीं हो पाती, वहीं पति-पत्नी के बीच झगड़े होते हैं। इतना ही नहीं किशोरी शारीरिक तौर पर सक्षम भी नहीं होती कि वह शादी करके बच्चों की मां बन सके। अब तो जीनत अपने आसपास के लोगों को भी इस बात के लिए तैयार कर रही है कि वे अपनी बेटियों की जल्दी शादी न करें।

राजस्थान से नाता रखने वाली और वर्तमान में भोपाल में रह रही संजना बताती हैं कि राजस्थान में बाल विवाह तो परंपरा ही बन गया है और उसे भी जूझना पड़ा। वह जब 10वीं में थी तब उसकी शादी की तैयारी शुरू हो गई थी, मगर उसने परिवार के सामने अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जताई। पहले तो परिवार के लोग तैयार नहीं हुए, क्योंकि उन्हें इस बात का डर रहता था कि कहीं बेटी खुद कोई फैसला न कर ले। अब परिवार उसकी हर बात सुनता है। यही कारण है कि वह एमबीए की पढ़ाई कर रही है और कॉलेज आने जाने के लिए स्कूटी तक मिल गई है।

शाहिदा और कहकशा भी दो ऐसी किशोरिया हैं जो बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई लड़ रही हैं। शाहिदा बताती है कि उसके मोहल्ले में एक 13 साल की बच्ची की शादी हो रही थी, उसके परिवार के लोगों को समझाया भी जब वह नहीं माने तो उसे कहना पड़ा कि वह पुलिस में शिकायत कर देगी। तब शादी परिवार ने रोक दी थी और अब तो उसकी बात को गंभीरता से लिया जाता है।

कहकशा बताती हैं कि वे अपने वार्ड में एक ग्रुप के जरिए बाल विवाह के खिलाफ जागृति लाने का काम कर रही हैं।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags