Samachar Nama
×

भोजपुरी सिनेमा को अच्छे निर्देशकों और दमदार कहानियों की जरूरत : गायिका देवी

भोजपुरी सिनेमा को अच्छे निर्देशकों और दमदार कहानियों की जरूरत : गायिका देवी
भोजपुरी सिनेमा को अच्छे निर्देशकों और दमदार कहानियों की जरूरत : गायिका देवी

पटना, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। भोजपुरी, मैथिली, मगही और हिंदी की प्रसिद्ध लोकगायिका देवी ने भोजपुरी सिनेमा की बढ़ती पहुंच, राजनेता और अभिनेता रवि किशन की भाषा को बढ़ावा देने की योजना और फिल्म निर्माण के लिए बिहार सरकार के समर्थन पर बात की।

गायिका ने आईएएनएस के साथ बातचीत की शुरुआत में 'छठी मैया' गीत गाकर सभी को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और रवि किशन की भाषा को बढ़ावा देने की योजना पर कहा, "रवि किशन जी बहुत उम्दा किस्म के कलाकार हैं। हालांकि, बीच-बीच में उनकी फिल्मों में भी गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन अगर उन्हें ऐसा लगता है कि वह भोजपुरी के लिए कुछ अच्छा करना चाहते हैं, तो यह बहुत ही अच्छी बात है। उन्होंने बॉलीवुड में भी काम किया है और मुझे लगता है कि वह भोजपुरी सिनेमा के अच्छे एक्टर हैं।"

बता दें कि रवि किशन ने लोकसभा में एक निजी सदस्य विधेयक (संविधान संशोधन विधेयक, 2024) पेश किया, जिसका उद्देश्य भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करना और इसे आधिकारिक राजभाषा का दर्जा दिलाना है।

देवी ने आगे भोजपुरी सिनेमा के स्तर पर भी बात की। उनका मानना है कि भोजपुरी सिनेमा के स्तर को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "मैं चाहती हूं कि भोजपुरी इंडस्ट्री के डायरेक्टर अच्छी फिल्में बनाएं, ताकि, हमें और बेहतरीन फिल्में देखने को मिलें। पहले के समय में अच्छी फिल्में बनती थीं, लेकिन आज उन फिल्मों का स्तर बहुत ही ज्यादा निम्न हो गया है। मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि बिहार के टैलेंटेड कलाकार आगे आकर फिल्में बनाने में अपना योगदान दें, ताकि इसका स्तर बढ़ सके।"

उन्होंने आगे कहा, "रियलिटी शो में आजकल मार्केटिंग और टीआरपी का खेल देखने को मिलता है। जिस तरह से शो की लोकप्रियता बढ़ती है, उसे कुछ वैसे ही डिजाइन भी किया जाता है, क्योंकि इन शोज में कोई कल्चर या आर्ट तो देखने को मिलता नहीं है। बस इसमें कुछ मजेदार कंटेस्टेंट आकर हिस्सा लेते हैं और शो को देखने वाले मजे लेते हैं। मेकर्स का बस यही मकसद रहता है कि हमारा शो बस अच्छे से चले।"

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम

Share this story