Samachar Nama
×

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में बिजली कटौती पर राजनीति तेज, केजरीवाल ने सरकार को घेरा

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर सरकार पर निशाना साधा। राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच बिजली संकट को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार को पूरी तरह विफल बताया है।
भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में बिजली कटौती पर राजनीति तेज, केजरीवाल ने सरकार को घेरा

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर सरकार पर निशाना साधा। राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच बिजली संकट को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार को पूरी तरह विफल बताया है।

केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली के लोग इस समय दोहरी मार झेल रहे हैं। एक तरफ 45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि पूरी दिल्ली में अचानक बिजली जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कई लोगों के सोशल मीडिया पोस्ट और शिकायतों का हवाला देते हुए कहा कि राजधानी के अलग-अलग इलाकों में लोग घंटों तक बिजली कटौती से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है और सरकार सो रही है। केजरीवाल ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के समय दिल्ली में बिजली व्यवस्था काफी बेहतर हो गई थी।

उन्होंने दावा किया कि उस दौरान लोग पावर कट जैसी समस्या को लगभग भूल चुके थे। यहां तक कि इनवर्टर की बिक्री भी कम हो गई थी क्योंकि लोगों को लगातार बिजली मिल रही थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद दिल्ली की बिजली व्यवस्था फिर पुराने दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी को 15 साल पीछे धकेल दिया गया है।

केजरीवाल ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में लोगों को सबसे ज्यादा जरूरत निर्बाध बिजली आपूर्ति की है, लेकिन मौजूदा सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह असफल साबित हो रही है। दिल्ली में इस समय तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग की ओर से हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। ऐसे में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है।

सोशल मीडिया पर भी लोग बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और लंबे समय तक सप्लाई बाधित रहने की शिकायतें साझा कर रहे हैं। अब बिजली संकट को लेकर दिल्ली की सियासत भी गर्मा गई है। आम आदमी पार्टी इसे जनता से जुड़े बड़े मुद्दे के रूप में उठाकर भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags