Samachar Nama
×

भीषण चक्रवाती से निपटने के लिए भारत व 24 मित्र देशों का 'सहायता सेतु'

भीषण चक्रवाती से निपटने के लिए भारत व 24 मित्र देशों का 'सहायता सेतु'
भीषण चक्रवाती से निपटने के लिए भारत व 24 मित्र देशों का 'सहायता सेतु'

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारत मित्र देशों के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यासों के जरिए आपदा प्रबंधन की क्षमताओं को धार दे रहा है। इसी कड़ी में गुजरात के जामनगर में बहुराष्ट्रीय आपदा राहत अभ्यास 'सहायता सेतु' शुरू किया गया है। वहीं, दूसरी ओर भारत और सिंगापुर की सेनाएं संयुक्त सैन्य अभ्यास 'अग्नि वॉरियर 2026' के लिए साथ आई हैं। अग्नि वॉरियर 2026' के अंतर्गत दोनों देशों के सैन्य दल आपसी तालमेल को मजबूत कर रहे हैं।

भारतीय वायुसेना के जामनगर वायुसेना स्टेशन पर 17 नवंबर को यह बहुराष्ट्रीय मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास 'सहायता सेतु-2026' शुरु हुआ। अभ्यास का अगला चरण वास्तविक परिस्थितियों से मिलते-जुलते एक भीषण चक्रवाती तूफान के काल्पनिक परिदृश्य पर आधारित होगा। इसमें तूफान के बाद प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी जुटाने, खोज एवं बचाव, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत अभियान चलाने और घायलों की देखभाल जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इसके साथ ही आपातकालीन संचालन केंद्र सक्रिय करने, घटना कमान चौकी स्थापित करने, राहत सामग्री वितरित करने और राहत शिविर तैयार करने का अभ्यास भी किया जाएगा।

प्रतिभागियों को राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर आपदा प्रबंधन की व्यवस्था, विभिन्न एजेंसियों की जिम्मेदारियों और संयुक्त कार्रवाई की निर्धारित प्रक्रियाओं से भी परिचित कराया जाएगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस अभ्यास में राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मित्र देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए हैं। इसमें ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, जापान, अमेरिका, इंडोनेशिया, सिंगापुर, मलेशिया, नेपाल, श्रीलंका, मालदीव, मॉरीशस, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, तंजानिया, सोमालिया, यमन, म्यांमार, मोजाम्बिक, मेडागास्कर, कोमोरोस, सेशेल्स और थाईलैंड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

19 नवंबर तक चलने वाले इस अभ्यास में भारतीय रक्षा बलों के साथ कुल 24 मित्र देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं और मानवीय संकटों के दौरान विभिन्न देशों और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है। अभ्यास के पहले दिन विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के बीच विचार-विमर्श के लिए एक विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें हिंद महासागर क्षेत्रीय सहयोग संघ, बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पहल और क्वाड से जुड़े देशों के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए।

चर्चा का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय एक-दूसरे की क्षमताओं और कार्यप्रणाली को समझना तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राहत एवं बचाव अभियानों के लिए बेहतर समन्वय विकसित करना रहा। दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल पीवी शिवानंद ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और मानवीय संकटों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच एकीकृत योजना, संयुक्त क्षमताओं का विकास और निर्बाध तालमेल बेहद जरूरी है। इससे आपात स्थिति में तेजी से और एकजुट होकर कार्रवाई की जा सकेगी।

यहां विदेश मंत्रालय, भारतीय थलसेना, नौसेना, वायुसेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के विशेषज्ञों ने भी अपने विचार रखे। उधर, भारत और सिंगापुर के बीच रक्षा संयुक्त सैन्य अभ्यास 'अग्नि वॉरियर 2026' का 14वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। 16 से 21 नवंबर तक चल रहे इस अभ्यास में दोनों देशों की सेनाएं टेबल टॉप अभ्यास के माध्यम से विभिन्न सैन्य परिस्थितियों पर विचार-विमर्श कर रही हैं। इसका उद्देश्य संयुक्त सैन्य क्षमताओं को बढ़ाना, एक-दूसरे के साथ बेहतर तालमेल विकसित करना और सैन्य अनुभवों एवं कार्यप्रणालियों को साझा करना है।

अभ्यास के तहत भारतीय थलसेना की ओर से सिंगापुर सशस्त्र बलों के प्रतिनिधिमंडल के लिए विशेष उपकरण प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें सिंगापुर के सैन्य अधिकारियों को भारतीय सेना में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरणों की क्षमताओं और उनमें हुई तकनीकी प्रगति की जानकारी दी गई। इस प्रदर्शनी के जरिए सिंगापुर के प्रतिनिधियों को भारतीय सेना के उपकरणों और उनकी कार्यक्षमता को करीब से समझने का अवसर मिला।

वहीं, टेबल टॉप अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैन्य प्रतिनिधि विभिन्न परिस्थितियों में संयुक्त कार्रवाई, बेहतर समन्वय और सैन्य क्षमताओं के प्रभावी इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं पर काम कर रहे हैं। छह दिन तक चलने वाला यह अभ्यास भारत और सिंगापुर के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग और मित्रता को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Share this story

Tags