भीम स्टेडियम के लिए 50 करोड़ देने पर सांसद धर्मबीर सिंह ने सीएम सैनी का जताया आभार, बॉक्सिंग एक्सीलेंस सेंटर की रखी मांग
भिवानी, 2 नवंबर (आईएएनएस)। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने भीम स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं और उपकरणों से अपग्रेड करने के लिए 50 करोड़ रुपए की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों के लिए एक 'बॉक्सिंग एक्सीलेंस सेंटर' और चोट के इलाज के लिए एक केंद्र की भी मांग करेंगे।
सांसद धर्मबीर सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हरियाणा में खिलाड़ियों को मिलने वाले नकद पुरस्कार शायद देश के किसी अन्य राज्य में इतने अधिक नहीं हैं। यही वजह है कि दूसरे राज्यों के खिलाड़ी भी हरियाणा की खेल नीति से प्रभावित होकर यहां अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं। एक लड़की का जन्म राजस्थान में हुआ था और उसकी शादी हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में हुई। उसके माता-पिता ने भी कई बार मुझसे अनुरोध किया कि आखिर उनका कसूर क्या है? उनकी बेटी की शादी हरियाणा में हुई है, लेकिन उसकी पढ़ाई राजस्थान में हुई थी, इसलिए उसका नाम हरियाणा की सूची में शामिल नहीं है। आज दूसरे राज्यों के खिलाड़ी भी यह प्रयास करते हैं कि किसी तरह उनका नाम हरियाणा में दर्ज हो जाए। यह सब हरियाणा की खेल नीति का परिणाम है।"
सांसद ने आगे कहा, "समय के साथ हर चीज पुरानी होती है और भीम स्टेडियम की उम्र का असर दिखाई देने लगता है। स्टेडियम की सीढ़ियां भी अब टूटने लगी हैं। खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों से पूछकर जरूरत की चीजों की लिस्ट बनाई गई। इसके बाद इस खेल विभाग के अधिकारियों द्वारा इस्टीमेट बनाकर हरियाणा सरकार को भेजा था। इस पर मुख्यमंत्री ने एकमुश्त 50 करोड़ रुपए भीम स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं और उपकरणों के लिए मंजूर की है। इस कदम से खिलाड़ियों को बहुत फायदा मिलेगा। जिले में जब सुविधाएं मिल जाएंगी तो खिलाड़ी कॉमनवेल्थ, एशियाड या ओलंपिक में और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
सांसद ने कहा कि हमने 'बॉक्सिंग एक्सीलेंस सेंटर' की सरकार से मांग की है। उम्मीद है कि यह मांग जल्द पूरी होगी। चोट के इलाज के लिए एक केंद्रीय स्वास्थ्य और खेल मंत्री को पत्र लिखा है।
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी

