Samachar Nama
×

भायंदर रेलवे स्टेशन और पुलिस स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप

भायंदर रेलवे स्टेशन और पुलिस स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप
भायंदर रेलवे स्टेशन और पुलिस स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप

भायंदर, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई महानगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए भायंदर रेलवे स्टेशन और भायंदर पुलिस स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे मीरा-भायंदर,वसई-विरार पुलिस मुख्यालय को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने तत्काल सुरक्षा जांच शुरू कर दी।

ईमेल में 'वैशाली रुमडे 9802’ नाम का इस्तेमाल किया गया था। इसमें विरार निवासी 72 वर्षीय उज्ज्वला सावरकर का नाम भी सामने आया। ईमेल में रोहन सिंह नामक व्यक्ति का उल्लेख करते हुए दावा किया गया कि उसकी पत्नी पार्वती सिंह की हत्या हुई है। इस कथित हत्या के लिए उज्ज्वला सावरकर और अनन्या सावरकर नामक महिला को जिम्मेदार ठहराया गया।

ईमेल में यह भी दावा किया गया कि अमेरिका से बम लाकर लगाया गया है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच शुरू की और बम की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड तैनात किया।

मामले की जांच के दौरान बोलिंज पुलिस ने उज्ज्वला सावरकर का पता लगाकर उनसे पूछताछ शुरू की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ईमेल उन्होंने भेजा था या किसी अन्य व्यक्ति ने उनके नाम का इस्तेमाल किया। बताया गया है कि उज्ज्वला सावरकर ने पुलिस को अपना मोबाइल फोन खो जाने की जानकारी दी है।

फिलहाल, पुलिस ईमेल के स्रोत,उसमें उल्लेखित रोहन सिंह, पार्वती सिंह और अनन्या सावरकर की पहचान तथा कथित हत्या से जुड़े दावों की जांच कर रही है। पुलिस का उद्देश्य धमकी के पीछे की असली वजह और ईमेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाना है।

इस घटना के सामने आने के बाद भायंदर स्टेशन पर कुछ समय के हड़कंप मच गया था। यह मुंबई से सटा एक मुख्य स्टेशन है, जहां से बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags