Samachar Nama
×

भतीजा मोह की वजह से टीएमसी की बलि चढ़ाई गई : रोहन गुप्ता

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता रोहन गुप्ता ने टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा कि मैं ममता बनर्जी का साथ देने के लिए तैयार हूं, लेकिन उससे पहले उन्हें यह स्पष्ट करना होगा कि अभिषेक बनर्जी की पार्टी में क्या स्थिति होगी। अगर वो पार्टी में होंगे तो मेरे लिए ममता बनर्जी का साथ देना मुश्किल है।
भतीजा मोह की वजह से टीएमसी की बलि चढ़ाई गई : रोहन गुप्ता

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता रोहन गुप्ता ने टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा कि मैं ममता बनर्जी का साथ देने के लिए तैयार हूं, लेकिन उससे पहले उन्हें यह स्पष्ट करना होगा कि अभिषेक बनर्जी की पार्टी में क्या स्थिति होगी। अगर वो पार्टी में होंगे तो मेरे लिए ममता बनर्जी का साथ देना मुश्किल है।

रोहन गुप्ता ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कल्याण बनर्जी के बयान से समय की ताकत का एहसास होता है। यह वही कल्याण बनर्जी हैं, जिन्होंने हर की प्रतिकूल स्थिति में ममता बनर्जी का साथ दिया था, लेकिन आज वह इस तरह का बयान दे रहे हैं।

साथ ही, उन्होंने टीएमसी की मौजूदा स्थिति पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस देश ने राजनीतिक दलों के अंतर पुत्र और पुत्री मोह देखा है, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी पार्टी में भतीजा मोह देखने को मिल रहा है और इस मोह की वजह से पार्टी की बलि ही चढ़ा दी जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि पश्चिम बंगाल की जनता ने टीएमसी को बेइंतहा प्यार दिया। इतने सालों तक सत्ता में रहने दिया। जब टीएमसी के नेताओं ने जमीनी स्तर पर उतरकर पार्टी के लिए काम किया, तो उसे उसका अपेक्षित परिणाम भी दिलाया, लेकिन अफसोस की बात है कि ममता बनर्जी अब भतीजा के मोह में आकर पार्टी की बलि चढ़ाने पर आमादा हो चुकी हैं। टीएमसी के नेताओं के बीच अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली को लेकर रोष व्याप्त है।

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि विश्व बिरादरी की वजह से जिस तरह की स्थिति बनी हुई है, उसे देखते हुए नीति आयोग की बैठक जरूरी है, लेकिन यहां पर गौर करने वाली बात है कि वैश्विक मंच पर तमाम उथल पुथल के बावजूद हमारा देश मजबूती के साथ खड़ा है। हम लगातार विकास के पथ पर कई नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति अपनी जगह पर है, लेकिन जब बात देश के विकास की आती है तो ऐसी स्थिति में हमारे लिए यह जरूरी हो जाता है कि हम अपनी राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर एक मेज पर संवाद के लिए एकत्रित हों। इसी दिशा में नीति आयोग की बैठक अहम हो जाती है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बैठक में विकास की कार्ययोजनाओं को तैयार करके उसे जमीन पर उतारा जाएगा।

भाजपा प्रवक्ता ने मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान विकास को तरजीह दी। इस देश की जनता ने कांग्रेस और भाजपा का शासनकाल देखा। इस देश की जनता ने दोनों के बीच के अंतर को भी महसूस किया। इसी का नतीजा है कि प्रधानमंत्री को देश की जनता की सेवा करने का मौका तीसरी बार मिला है। वहीं, प्रधानमंत्री ने अपने विकसित भारत के स्वप्न को महज कागजों तक सीमित नहीं रखा है। उसे धरातल पर भी उतारने का काम किया है। इस ध्येय को प्राप्त करने की दिशा में लगातार प्रधानमंत्री काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल के दौरान कई बाधाएं भी आईं। हम लोगों ने कोरोना काल भी दौर देखा था। इसके इतर, पाकिस्तान के साथ युद्ध की भी स्थिति देखी, लेकिन इन सबके बावजूद प्रधानमंत्री के विकास का काफिला नहीं रुका। इस बीच, विपक्ष की भूमिका हमेशा से ही नकारात्मक रही। विपक्ष ने सिर्फ दुष्प्रचार करने का ही काम किया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान हर सेक्टर में विकास के कीर्तिमान स्थापित किए, चाहे आप ऊर्जा सेक्टर की बात कर लीजिए या जनता की सुरक्षा की बात कर लीजिए। हर सेक्टर में प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया कि विकास की गति आगे बढ़े। इसी का नतीजा है कि जब पूरे विश्व में मंदी का दौर जारी है, तब भी भारत दोहरी गति से आगे बढ़ रहा है। लिहाजा, इन्हीं सब स्थितियों के बीच मेरा विपक्ष को सुझाव रहेगा कि वो अपनी राजनीति करती रहे, लेकिन जनता और प्रधानमंत्री मोदी के बीच का रिश्ता अटूट है और आगे भी रहेगा।

--आईएएनएस

एसएचके/डीकेपी

Share this story

Tags