Samachar Nama
×

भरतपुर : पानी संकट पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर फोड़े मटके

जयपुर, 18 मई (आईएएनएस)। राजस्थान के भरतपुर शहर के अनिरुद्ध नगर क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से पेयजल संकट गहराने के बाद महिलाओं का गुस्सा सोमवार को जलदाय विभाग कार्यालय पर फूट पड़ा। परेशान महिलाओं ने जलदाय विभाग के बाहर मटके फोड़कर प्रदर्शन किया और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

महिलाओं का आरोप है कि कॉलोनी में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई बंद है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जलदाय विभाग के अधिकारी को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि पानी नहीं आने से घरों में दैनिक कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को नहाने और पीने के पानी तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इसी के साथ महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी सप्लाई बहाल नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

अनिरुद्ध नगर निवासी क्रांति ने बताया कि करीब 10 दिन पहले तक कॉलोनी में पानी आ रहा था, लेकिन उसका कोई निश्चित समय नहीं था। कभी देर रात 3 बजे तो कभी सुबह 6 बजे पानी आता था। अब पिछले 10 दिनों से पानी पूरी तरह बंद है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।

महिलाओं ने बताया कि एक पानी के टैंकर के लिए करीब 2 हजार रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। पीने का पानी भी बाजार से खरीदना पड़ रहा है। पानी की कमी का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है, क्योंकि सुबह पानी की व्यवस्था करने में समय लग जाता है और बच्चे स्कूल देर से पहुंचते हैं।

वहीं, मामले को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारी केशव देव पांडे ने कहा कि विभाग के पास पहले इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई थी। सोमवार को महिलाओं द्वारा शिकायत किए जाने के बाद मामले की जांच करवाई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंगलवार तक कॉलोनी में पानी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। साथ ही सप्लाई के दौरान जीपीएस फोटो और वीडियो भी उपलब्ध करवाए जाएंगे ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags