Samachar Nama
×

भरतपुर के अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

भरतपुर के अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
भरतपुर के अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

जयपुर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान में भरतपुर के जनाना अस्पताल में एक नवजात बच्ची की मौत हो गई है। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से समझाइश की। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद वे बच्ची के शव को लेकर घर चले गए।

देवकीनंदन की पत्नी रिंकी को 8 अक्टूबर को प्रसव के लिए जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे महिला ने ऑपरेशन के जरिए बच्ची को जन्म दिया। परिजनों के मुताबिक, जन्म के समय बच्ची स्वस्थ थी, लेकिन अगले दिन उसे बुखार की शिकायत होने लगी।

परिजन बच्ची को दिखाने के लिए अस्पताल के आईसीयू और वार्ड में लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उस समय चिकित्सक ने बच्ची को उचित तरीके से नहीं देखा और दूर से ही पैरासिटामोल सहित बुखार की दवाइयां लिख दीं। उनका कहना है कि अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों ने बच्ची की तबीयत पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। इसके बाद बच्ची की हालत बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई।

नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बच्ची के ताऊ लक्ष्मणकांत ने आरोप लगाया कि यदि समय पर उचित उपचार मिलता, तो बच्ची की जान बच सकती थी। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

मथुरा गेट थाना पुलिस के एसआई हरेंद्र सिंह ने बताया कि रिंकी को 8 अक्टूबर को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था और 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे उसने बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची को बुखार आने पर परिजन उसे अस्पताल में दिखाने के लिए लेकर आए थे। उपचार के बावजूद बच्ची की मृत्यु हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा दिया, जिसके बाद वे बच्ची को लेकर घर चले गए।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Share this story

Tags