भारतीय स्पिन गेंदबाज कर्ण शर्मा ने किया इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान
नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के स्पिन गेंदबाज कर्ण शर्मा ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। कर्ण यूपी टी20 लीग 2026 में 25 अगस्त को अपने करियर का आखिरी मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे।
कर्ण ने भारत की ओर से एक टेस्ट, दो वनडे और एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला। इस दौरान उन्होंने कुल मिलाकर 5 विकेट चटकाए। कर्ण ने भारत के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू साल 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ किया था। वहीं, उनका वनडे और टेस्ट डेब्यू भी इसी साल हुआ था। हालांकि, साल 2014 में भारत की ओर से खेलने के बाद उनकी टीम में दोबारा वापसी नहीं हो सकी।
'ईएसपीएन क्रिकइंफो' की रिपोर्ट के अनुसार, कर्ण ने यूपी टी20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद अपने संन्यास की घोषणा की। उन्होंने कहा, "अब मैं रिटायर होना चाहता हूं। मैं अपने परिवार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), रेलवे, यूपीसीए, आंध्र, विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन और उन सभी लोगों का बहुत आभारी हूं जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया। इसके बाद मैं कोचिंग और क्रिकेट से जुड़ी दूसरी जिम्मेदारियों के लिए उपलब्ध रहूंगा।"
कर्ण ने 2007-08 के घरेलू सीजन में फर्स्ट-क्लास, लिस्ट ए और टी20 में डेब्यू किया और एक ऑलराउंडर के तौर पर अपनी पहचान बनाई। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अपने डेब्यू मैच में ही शतक लगाया। हालांकि, उनका सबसे शानदार सीजन 2012-13 रहा, जब उन्होंने तीन रणजी मैचों में 19.04 की औसत से 21 विकेट चटकाए और बीसीसीआई का 'बेस्ट अंडर-25 क्रिकेटर' अवॉर्ड जीता।
2014 के आईपीएल ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें रिकॉर्ड 3.75 करोड़ रुपये में खरीदा, जो उस समय किसी अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा ऑक्शन प्राइस था। उनके शानदार प्रदर्शन ने सिलेक्टर का ध्यान खींचा और जल्द ही उन्हें 2014 के इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की सीमित ओवर की टीम में जगह मिली। उन्होंने 123 फर्स्ट-क्लास मैचों में कुल 153 विकेट निकाले और एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा तीन बार किया। टी20 फॉर्मेट में कर्ण ने कुल 168 विकेट चटकाए, जिसमें आईपीएल में लिए गए 83 विकेट भी शामिल रहे।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम

