भारतीय राजदूत श्रीप्रिया रंगनाथन ने फलस्तीन के पीएम से की मुलाकात, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला रखी
रामल्लाह, 20 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के विदेश मंत्रालय में सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) श्रीप्रिया रंगनाथन की फलस्तीन की आधिकारिक यात्रा गुरुवार को संपन्न हो गई। 18 से 20 अगस्त तक चली इस यात्रा के दौरान भारत और फलस्तीन के बीच स्वास्थ्य सहयोग, विकास साझेदारी, कौशल विकास, क्षमता निर्माण और जनसंपर्क से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
यात्रा के दौरान श्रीप्रिया रंगनाथन ने फलस्तीन के प्रधानमंत्री डॉ. मोहम्मद मुस्तफा, विदेश एवं प्रवासी मामलों की मंत्री डॉ. वार्सेन अघाबेकियन शाहीन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. माजेद अबू रमादान, श्रम मंत्री डॉ. एनास दहादहा अत्तारी और राष्ट्रपति के राजनयिक मामलों के सलाहकार डॉ. माजदी अल-खाल्दी से मुलाकात की।
इन बैठकों में भारत-फलस्तीन संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के रास्तों पर चर्चा की। इस दौरान श्रीप्रिया रंगनाथन ने बातचीत के जरिए दो-राष्ट्र समाधान के लिए भारत के लंबे समय से चले आ रहे और सिद्धांत आधारित समर्थन को दोहराया।
यात्रा का प्रमुख परिणाम वेस्ट बैंक के जेनिन क्षेत्र के अर्राबेह में भारतीय सहयोग से बनने वाले इंडियन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला रखा जाना रहा। यह भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित एक प्रमुख विकास परियोजना है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।
अस्पताल में कई विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के साथ ट्रॉमा सेंटर भी होगा। इससे विशेष रूप से जेनिन और उत्तरी वेस्ट बैंक के लोगों को उन्नत एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिलने की उम्मीद है।
अस्पताल की आधारशिला रखने का कार्यक्रम रामल्लाह और अर्राबेह, जेनिन में एक साथ आयोजित वर्चुअल समारोह के जरिए हुआ। इसमें फलस्तीन के प्रधानमंत्री के साथ श्रीप्रिया रंगनाथन ने हिस्सा लिया। समारोह में स्वास्थ्य, विदेश और श्रम मंत्रालयों के मंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारी, स्थानीय प्रशासन तथा अन्य प्रमुख हितधारक मौजूद रहे।
इस अवसर पर भारत और फलस्तीन के बीच दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इनमें 'फलस्तीन में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण' और 'प्रिंटिंग क्षेत्र में व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम को समर्थन' से संबंधित समझौते शामिल हैं। इन पर श्रीप्रिया रंगनाथन ने फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. माजेद अबू रमादान और श्रम मंत्री डॉ. एनास दहादहा अत्तारी के साथ हस्ताक्षर किए।
श्रीप्रिया रंगनाथन ने फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा की। इसमें चिकित्सा प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण भी शामिल रहा।
उन्होंने फलस्तीन में कृत्रिम अंगों के लिए एक विशेष शिविर आयोजित करने के भारत के फैसले की जानकारी दी। साथ ही गाजा में इस्तेमाल के लिए भीष्म क्यूब नामक मोबाइल हेल्थ सेंटर दान करने की घोषणा की। इस दौरान जीवन रक्षक दवाओं की पहली खेप भी फलस्तीन को सौंपी गई।
भारत की ओर से फलस्तीन के स्वास्थ्य क्षेत्र में जारी सहयोग के तहत यह पहल चिकित्सा सुविधाओं और मानवीय सहायता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
--आईएएनएस
डीएससी

