भारतीय नौसेना की अगुवाई में देशव्यापी समुद्री सुरक्षा अभ्यास, सभी तटीय राज्य होंगे शामिल
नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा परखने के लिए 11 से 19 नवंबर तक देशभर में एक महत्वपूर्ण अभ्यास ‘सी विजिल-26’ आयोजित किया जा रहा है। यह पांचवां तटीय सुरक्षा अभ्यास है। भारतीय नौसेना के नेतृत्व में होने वाले इस नौ दिवसीय व्यापक अभ्यास में देश की पूरी समुद्री तटरेखा और विशेष आर्थिक क्षेत्र को शामिल किया जाएगा। सी विजिल अभ्यास की शुरुआत वर्ष 2018 में की गई थी।
26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों के बाद देश की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए थे। सी विजिल की परिकल्पना इन्हीं सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता जांचने और समुद्री सीमाओं की रक्षा के लिए देश की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से की गई थी। नौसेना के मुताबिक इसमें सभी तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल, तटीय सुरक्षा पुलिस, सीमा शुल्क विभाग और अन्य समुद्री एजेंसियां हिस्सा लेंगी। मछुआरों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को भी इस अभ्यास से जोड़ा जाएगा। सी विजिल-26 दो चरणों में आयोजित हो रहा है।
पहला चरण 11 से 17 नवंबर तक चलेगा, जिसमें तटीय रक्षा और सुरक्षा तैयारियों का आकलन किया जाएगा। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को समुद्री चरण का आयोजन होगा। इस दौरान समुद्र में सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को परखा जाएगा। इस बार का अभ्यास अपने भौगोलिक विस्तार, इसमें शामिल होने वाली एजेंसियों और सुरक्षा से जुड़े उद्देश्यों के लिहाज से बेहद व्यापक होगा। अभ्यास को सफल बनाने के लिए रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय भी सहयोग कर रहे हैं।
केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के साथ तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की एजेंसियां भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इस अभ्यास का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना भी है। सी विजिल भारतीय नौसेना के द्विवार्षिक थिएटर स्तरीय परिचालन तत्परता अभ्यास ‘ट्रोपेक्स’ की तैयारियों का भी हिस्सा है। जहां सी विजिल के माध्यम से तटीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का आकलन किया जाता है, वहीं ट्रोपेक्स समुद्र में दूर तक संचालित होने वाले सैन्य अभियानों की तैयारियों को परखता है।
दोनों अभ्यास मिलकर तटीय इलाकों से लेकर खुले समुद्र तक भारत की समुद्री सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का व्यापक आकलन करते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाला सी विजिल-26 देश की समुद्री सुरक्षा और तटीय रक्षा तैयारियों की उच्चतम स्तर पर समीक्षा करने का अवसर देगा। इसके जरिए यह आकलन किया जाएगा कि समुद्री सीमाओं पर किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए विभिन्न एजेंसियां कितनी तैयार हैं और उनके बीच तालमेल कितना प्रभावी है। अभ्यास से मिलने वाले अनुभवों के आधार पर भारत की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी

