भारतीय नौसेना भर्ती 2026: पायलट सहित 275 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 25 जून से करें आवेदन
नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। इंडियन नेवी में नौकरी करना लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, भारतीय नौसेना ने इंडियन नेवल एकेडमी (आईएनए) एझिमाला, केरल में जून 2027 से शुरू होने वाले कोर्स के लिए शॉर्ट सर्विस कमीशन (एसएससी) के तहत योग्य अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों से एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके विभिन्न 275 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
भारतीय नौसेना की ओर से जारी 275 रिक्तियों में एक्जीक्यूटिव ब्रांच {जीएस(एक्स)/हाइड्रो कैडर} के 90, पायलट के 25, नेवल एयर ऑपरेशन्स ऑफिसर (ऑब्जर्वर) के 18, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) के 15, लॉजिस्टिक्स के 10, नेवल आर्मामेंट इंस्पेक्टोरेट कैडर (एनएआईसी) के 14, एजुकेशन के 13, इंजीनियरिंग ब्रांच {जनरल सर्विस (जीएस)} के 24, सबमरीन टेक इंजीनियरिंग (केवल पुरुष) के 8, इलेक्ट्रिकल ब्रांच {जनरल सर्विस (जीएस)} के 32, सबमरीन टेक इलेक्ट्रिकल (केवल पुरुष) के 8 और नेवल कंस्ट्रक्टर के 18 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे भारतीय नौसेना के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार प्रथम श्रेणी बीई/बीटेक, एमई/एमटेक, एमएससी/एमए, एमबीए, बीएससी/बीकॉम/बीएससी (आईटी) और साथ में फाइनेंस/लॉजिस्टिक्स/सप्लाई चेन मैनेजमेंट/मटीरियल मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा या एमसीए/एमएससी (आईटी), पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री, आदि होना चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन एसएसबी इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, मेडिकल जांच, मेरिट लिस्ट, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद सब-लेफ्टिनेंट की शुरुआती ग्रॉस सैलरी 120,000 रुपए से शुरू होगी। वहीं, ट्रेनिंग पूरी होने के बाद कैंडिडेट्स को पायलट/एनएओओ और सबमरीन अलाउंस के तौर पर 31,250 रुपए मिलेंगे।
कैंडिडेट्स भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए भारतीय नौसेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/पीएम

