भरत तिवारी की मां ने शेर को जन्म दिया, राहुल गांधी समेत कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ : अजय राय
भोजपुर, 27 जून (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले में भरत तिवारी का एनकाउंटर मामला तूल पकड़ा हुआ है। इस बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस द्वारा तीन गोली मारने के दावे को झूठा साबित कर दिया है और बॉडी पर पांच गोलियां मिलीं है। इस बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय भरत तिवारी के घर गए और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "भाजपा की सरकार जहां पर है, वहां पर वे चुन-चुन कर ब्राह्मण समाज की हत्या करवा रही है। चाहे यूपी के विनोद उपाध्याय का प्रकरण हो, आज बिहार में भरत तिवारी की घटना हुई है, उसमें भी पूरी तरह से टारगेट करके ब्राह्मण समाज के बच्चे की हत्या की गई। वो व्यवस्था के खिलाफ खड़ा था और लड़ाई लड़ रहा था। पूरे देश के अंदर भाजपा अत्याचार अन्याय और जंगलराज चला रही है।"
उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में पांच गोली लगने की पुष्टि पर कहा, "घटना में शामिल पुलिसकर्मियों की तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए और फास्टट्रैक सुनवाई करके फांसी की सजा होनी चाहिए। जहां पर भी भाजपा की सरकार है, वहां पर लोगों को चुन-चुन कर मारा जा रहा है, यह सुशासन नहीं, बल्कि कुशासन चल रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने भरत तिवारी की मां और पिता से मुलाकात की। वे बेसुध हैं, लेकिन मैंने कहा कि उन्होंने एक शेर को जन्मा है। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का एक-एक सिपाही उनके साथ खड़ा है। हम सरकार को हिला देंगे। अगर वह इस घटना में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों को जेल नहीं भेजते, उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं करते और उन्हें फांसी की सजा नहीं मिलती। कांग्रेस पार्टी सदन से लेकर सड़क तक लड़ेगी।"
वहीं, इसी बीच भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने आईएएनएस से बात करते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांच गोली लगने की पुष्टि को सही बताया। उन्होंने कहा, "मैं और पूरी जनता पहले से कह रही थी कि भरत तिवारी को पांच गोली मारी गई है, वही अब रिपोर्ट में सामने आया है। पुलिस वाले झूठ बोल रहे थे। हमारी मांग है कि दोषियों को फांसी दी जाए।"
'भरत तिवारी न्याय समिति' के संयोजक पंकज त्रिपाठी ने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अगर यह साफ हुआ है कि भरत तिवारी के शरीर पर पांच गोलियां लगी हैं, तो यह जनता की कही हुई बात सही हो रही है कि तीन गोलियां एक जगह और दो गोलियां एक जगह लगी है। जनता पहले से कह रही है कि तीन गोलियां एक जगह मारी गई है, जिसकी आवाज उन्होंने सुनी है और बाद में दो गोलियां मारी गई, जिसकी आवाज उन्होंने नहीं सुनी है।"
उन्होंने कहा, "मैं घटना के समय वहां पर नहीं था, लेकिन जो ग्रामीण वहां पर थे, वह बता रहे हैं कि पांच गोलियों की आवाज किसी ने नहीं सुनी है। लोगों ने तीन गोली की आवाज सुनी है। इसके बावजूद जब शरीर में पांच गोली मिली है, तो इसका मतलब उसे दो गोली बाद में मारी गई है।"
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

