Samachar Nama
×

भारत-नॉर्वे संबंधों को नई ऊंचाई देने में किंग हेराल्ड पंचम का योगदान यादगार: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन

भारत-नॉर्वे संबंधों को नई ऊंचाई देने में किंग हेराल्ड पंचम का योगदान यादगार: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन
भारत-नॉर्वे संबंधों को नई ऊंचाई देने में किंग हेराल्ड पंचम का योगदान यादगार: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन

नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मंगलवार को नई दिल्ली स्थित रॉयल नॉर्वेजियन दूतावास पहुंचे और नॉर्वे के दिवंगत सम्राट किंग हेराल्ड V (पंचम) के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति ने दूतावास में रखी शोक पुस्तिका में भी अपने संदेश दर्ज किए। उन्होंने भारत सरकार और देश की जनता की ओर से नॉर्वे के शाही परिवार तथा वहां के लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की।

उपराष्ट्रपति के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके दूतावास पहुंचने की वीडियो क्लिप साझा की गई। जिसमें वो भारत में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर और दूतावास के अन्य अधिकारियों से मिल कर दुख व्यक्त कर रहे हैं।

उपराष्ट्रपति ने दिवंगत किंग हेराल्ड पंचम की नॉर्वे के प्रति समर्पित सेवाओं को सम्मानपूर्वक याद किया। शोक पुस्तिक में अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए उन्होंने भारत और नॉर्वे के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि किंग हेराल्ड पंचम के प्रयासों ने भारत और नॉर्वे के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता को आधुनिक आर्थिक साझेदारी में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

28 अगस्त 2026 को उनका 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया था। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "महाराजा हेराल्ड पंचम के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं। मुझे इस वर्ष की शुरुआत में नॉर्वे की अपनी यात्रा के दौरान उनसे हुई मुलाकात याद है और मैं उनके स्नेह और राष्ट्र के प्रति उनकी गहरी सेवा भावना से बहुत प्रभावित हुआ था। शाही परिवार और नॉर्वे की जनता के प्रति मैं हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"

पीएम मोदी इसी साल मई में नॉर्वे गए थे। यह ऐतिहासिक यात्रा थी जो पिछले 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली नॉर्वे यात्रा थी। वहां पीएम मोदी ने ओस्लो स्थित रॉयल पैलेस में किंग हेराल्ड पंचम से मुलाकात की थी। जहां दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और तकनीकी सहयोग पर चर्चा हुई थी।

किंग हेराल्ड पंचम ने पीएम मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च सम्मान "ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट" से भी सम्मानित किया था।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags