Samachar Nama
×

भारत ने आतंकवाद का जवाब दिया, यूपी में एनडीए की सरकार बनेगी: नीरज कुमार

भारत ने आतंकवाद का जवाब दिया, यूपी में एनडीए की सरकार बनेगी: नीरज कुमार
भारत ने आतंकवाद का जवाब दिया, यूपी में एनडीए की सरकार बनेगी: नीरज कुमार

पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने आतंकवाद, उत्तर प्रदेश की राजनीति, जीडीपी ग्रोथ, एसआईआर, बिहार में परीक्षा सुधार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को मिली धमकी समेत कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि भारत ने पाक प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ अपना रुख पहले से स्पष्ट रखा है और देश की सेना तथा जनता ने इसका प्रभावी जवाब दिया है।

एससीओ बैठक के संदर्भ में नीरज कुमार ने कहा कि भारत का रुख नया नहीं है। भारत ने पाक प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई कर दुनिया के सामने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद मानवता के लिए अभिशाप है। पाकिस्तान की राजनीतिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भारत विकासशील देशों और गुटनिरपेक्ष आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। पाकिस्तान यदि भारत को चुनौती देने की कोशिश करता है तो उसका राजनीतिक भविष्य और अधिक संकट में जा सकता है।

अखिलेश यादव की ओर से जारी एआई वीडियो को लेकर नीरज कुमार ने कहा कि वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है। उन्होंने इसे नाथ परंपरा का अपमान बताया और कहा कि चुनावी राजनीति में इस तरह की सामग्री का इस्तेमाल गंभीर विषय है। यदि किसी राजनीतिक दल या उसके समर्थकों को चुनाव में इस प्रकार के एआई वीडियो का सहारा लेना पड़ रहा है, तो यह राजनीतिक रूप से कृत्रिम प्रचार को दर्शाता है। नीरज कुमार ने चुनाव आयोग से भी मामले को गंभीरता से लेने की अपील की।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन पर नीरज कुमार ने कहा कि यह डूबते जहाज में सवार होने जैसा है। उन्होंने योगी सरकार के कार्यकाल को लेकर कहा कि राज्य में अपराध और दंगा-फसाद पर नियंत्रण हुआ है। उत्तर प्रदेश की जनता विकास और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देगी और एनडीए की सरकार बनने की संभावना है।

भारत की 7.8 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ को लेकर नीरज कुमार ने कहा कि विकास को केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि विनिर्माण और बुनियादी ढांचे में बदलाव से भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने बिहार के कोसी महासेतु, अटल सेतु और जेपी गंगा पथ जैसे उदाहरण देते हुए कहा कि बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट लोगों की जीवन स्थितियों और क्षेत्रों की आर्थिक संभावनाओं को बदलते हैं। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के बावजूद यदि उनकी राजनीतिक स्थिति में बदलाव नहीं हो रहा है तो इससे उन्हें परेशानी होती है।

एसआईआर को लेकर राहुल गांधी के सवालों पर नीरज कुमार ने कांग्रेस शासित राज्यों में भी इसी मुद्दे पर कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को प्रक्रिया पर आपत्ति है तो उसे अपने राज्यों में भी सरकार से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने बिहार में विपक्ष पर ईवीएम और एसआईआर को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

नीट छात्र विरोध मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा एफआईआर रद्द करने के आदेश पर नीरज कुमार ने कहा कि युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती का अधिकार है। सरकारों की जिम्मेदारी रोजगार के अवसर पैदा करने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी रखने की है। आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन वह नियंत्रित और तर्कपूर्ण होना चाहिए। बिहार में परीक्षा सुधार समिति बनाए जाने के फैसले का उन्होंने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षा पैटर्न और विषयवस्तु में बदलाव तथा पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों और अभिभावकों के लिए चिंता का विषय हैं। न्यायाधीश के नेतृत्व में बनी समिति की सिफारिशें बिहार के विद्यार्थियों और अभिभावकों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण होंगी।

टीआरई-4 पर सवाल उठाए जाने के जवाब में नीरज कुमार ने राजद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं और तत्कालीन शिक्षा मंत्री द्वारा फाइल पर हस्ताक्षर नहीं करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अब परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव किया जा रहा है और सरकार पारदर्शी तरीके से भर्ती कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

चिराग पासवान को मिली धमकी पर नीरज कुमार ने कहा कि धमकी भले ही गुमनाम भेजी गई हो, लेकिन बिहार पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सक्षम है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

Share this story