भारत में होगी मां काली और मां गंगा की पूजा, हर नागरिक करेगा 'जय श्रीराम' का उद्घोष : सीएम योगी
पूर्वी मेदिनीपुर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पश्चिम बंगाल की चुनावी जनसभाओं में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में अपनी तीसरी जनसभा में कहा कि कोलकाता का मेयर कहता है कि यहां की आधी आबादी से उर्दू बुलवाएंगे, मैं उससे बोल रहा हूं कि यहां की जनता उर्दू नहीं, बांग्ला बोलेगी। यहां कठमुल्लापन की संस्कृति नहीं चलने दी जाएगी। कोई भी माई का लाल बंगाल की संस्कृति, आन-बान-शान से खिलवाड़ नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा देश बंगालवासियों के साथ खड़ा है। हम टीएमसी के देशद्रोही मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे। जिस तरह भाजपा की डबल इंजन सरकार ने यूपी को अराजकता, दंगा व कर्फ्यू मुक्त बनाया है, सरकार बनने पर वैसे ही बंगाल को भी बनाएंगे। बंगाल वंदे मातरम की धरती है। यह धरती तूफानों से टकराकर भी हार नहीं मानती। उन्होंने गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, जगदीश चंद्र बसु, स्वामी प्रणवानंद, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे राष्ट्रनायकों को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने एक देश-एक संविधान का जो सपना देखा था, उसे पीएम मोदी ने साकार किया। अब बंगाल का नौजवान भी कश्मीर में संपत्ति खरीद सकता है।
सीएम योगी ने कहा कि ममता दीदी को राम नाम से नफरत है। वह रामनवमी की शोभायात्रा नहीं निकलने देती हैं। दुर्गापूजा में व्यवधान पैदा करती हैं। ईद पर गोहत्या की छूट देती हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों को घुसपैठ कराती हैं। बांग्लादेश में निर्दोष हिंदुओं की हत्या पर मौन रहती हैं। डबल इंजन की भाजपा सरकार यह स्वीकार नहीं करेगी। भारत में मां काली-मां गंगा की पूजा होगी और बंगाल का हर नागरिक भी जय श्रीराम का उद्घोष करेगा।
उन्होंने कहा कि कभी भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन रहे बंगाल को पहले कांग्रेस, फिर वामपंथियों और 15 वर्ष से तृणमूल कांग्रेस ने कंगाल बनाकर रख दिया है। यहां चक्रवात में मिली सहायता और गरीबों के हक का पैसा भी टीएमसी के गुंडे खा जाते हैं। मछुआरों व किसानों से झूठे वादे किए जाते हैं। यहां विकास नहीं, सिर्फ वसूली तंत्र हावी है। कभी शिक्षा, संस्कृति, कला व उद्यम की भूमि बंगाल अब बदहाल है, कंगाल है। टीएमसी मां-माटी-मानुष का नारा देती है, लेकिन उसका आचरण इससे उलट है। बंगाल में मां रो रही है, माटी घुसपैठियों के कब्जे में जा रही है, मानुष भयभीत है। बंगाल में राजनीतिक हत्याएं, हत्या के प्रयास और बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ हो रहा है।
सीएम योगी ने टीएमसी मतलब तुष्टिकरण, माफियाराज व कट-मनी/करप्शन बताया। उन्होंने कहा कि टेरर व तुष्टिकरण, माफियाराज व कटमनी का जवाब केवल डबल इंजन की भाजपा सरकार दे सकती है। 2017 के पहले यूपी में इससे भी खराब सरकार थी। हर दूसरे दिन दंगा होता था। चारों ओर अराजकता, अव्यवस्था व दंगे होते थे। सत्ता के समानांतर माफिया की सरकार चलती थी। 2017 में यूपी में भाजपा सरकार बनने के बाद से न कर्फ्यू है, न दंगा है, अब सब चंगा है। माफिया व टेरर पर यूपी का बुलडोजर धड़धड़ाकर चलता है। बुलडोजर न केवल सड़क बनाता है, बल्कि माफियाओं और बेटी-बहन की इज्जत पर हाथ डालने वाले गुंडे की पसली भी तोड़ता है। बुलडोजर माफिया की संपत्ति को कब्जे में लेकर गरीबों के लिए मल्टीस्टोरी आवासीय सुविधा देने का काम भी करता है।
उन्होंने कहा कि यूपी में अब सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाती। मस्जिदों से शोरगुल नहीं होता। गोहत्या पर प्रतिबंध है। यूपी में लव जिहाद और लैंड जिहाद नहीं है। वह रामराज्य की स्थापना भूमि है। कांग्रेस, टीएमसी, सपा और राजद ने राम मंदिर का विरोध किया, लेकिन रामभक्तों के कारण अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया। जिस दिन 145 करोड़ का भारत पीएम मोदी की आवाज में आवाज मिलाकर चलेगा, भारत विरोधी ताकतों के हौसले पस्त हो जाएंगे और हर घर पर भगवा लहराता दिखाई देगा।
सीएम योगी ने कहा कि तृणमूल ने बंगाल की पहचान को संकट में लाकर खड़ा कर दिया। पीएम मोदी गरीबों के मकान, राशन, स्वास्थ्य, किसान, गांव के विकास के लिए जो पैसा भेजते हैं, वो पैसा टीएमसी के गुंडे हजम कर जाते हैं। आज यूपी में 40 हजार बड़े उद्योग व 96 लाख एमएसएमई यूनिट कार्यरत हैं। हमने एमएसएमई में 3 करोड़, बड़े उद्योगों में 65 लाख और सरकारी विभागों में 9 लाख से अधिक नौजवानों को नौकरी दी है। बंगाल की तृणमूल सरकार बताए, 15 वर्ष में कितने नौजवानों को नौकरी दी। 12 हजार एमएसएमई यूनिट बंद होने के साथ ही बड़े पैमाने पर बंगाल से उद्योग पलायन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कभी भारत की कल्चरल कैपिटल के रूप में प्रसिद्ध बंगाल अब क्राइम कैपिटल के रूप में पहचाना जा रहा है। यह टीएमसी की अराजकता के चलते बदनुमा धब्बा बनकर पहचान के लिए मोहताज हो रहा है। टीएमसी सरकार देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर यहां की डेमोग्राफी बदलना चाहती है। बांग्लादेश बॉर्डर पर 570 किलोमीटर फेंसिंग के लिए केंद्र सरकार ने पैसा दिया है, लेकिन टीएमसी सरकार क्लीयरेंस नहीं दे रही, क्योंकि वह बांग्लादेशी घुसपैठियों को घुसाकर आपके हक पर डाका डालने और बंगाल की डेमोग्रॉफी को बदलने का कुत्सित कार्य करना चाहती है।
सीएम योगी ने कहा कि हमें फिर से बंगाल की पहचान को बनाना है। उसे देश के समृद्धतम राज्यों में खड़ा करना है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आह्वान पर बंगाल से जो आवाज उठी, पूरे देश ने उसका अनुसरण किया। आज के बंगाल को देखकर मन द्रवित होता है। भविष्य को लेकर चिंता होती है। इस चुनाव के जरिए बंगालवासियों के पास अवसर है, उन्हें यहां की डेमोग्राफी को बदलने नहीं देना है। यूपी में सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाया है और डबल इंजन सरकार बनने पर यही काम बंगाल में भी होगा।
--आईएएनएस
एसके/एबीएम

