Samachar Nama
×

भारत-मलेशिया का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमाउ शक्ति-6’ शुरू, आतंकवाद विरोधी अभियानों पर फोकस

भारत-मलेशिया का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमाउ शक्ति-6’ शुरू, आतंकवाद विरोधी अभियानों पर फोकस
भारत-मलेशिया का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमाउ शक्ति-6’ शुरू, आतंकवाद विरोधी अभियानों पर फोकस

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और मलेशिया की सेनाएं आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त अभियान का अभ्यास करेंगी। इसके लिए दोनों देशों के बीच छठा संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमाउ शक्ति-6’ बुधवार को मलेशिया के इपोह में शुरू हो गया। इसके तहत जंगलों और अर्ध-शहरी इलाकों में संयुक्त सैन्य कार्रवाई का अभ्यास किया जाएगा।

इसमें संयुक्त योजना बनाने, सामरिक तालमेल और नई तकनीकों के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि दोनों देशों की सेनाएं किसी भी संयुक्त अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से अंजाम दे सकें। अभ्यास के शुरुआती चरण में दोनों देशों के सैनिक एक-दूसरे की सैन्य कार्यप्रणाली और अभियान से जुड़ी प्रक्रियाओं को समझेंगे। इसके बाद संयुक्त सामरिक अभ्यास किए जाएंगे।

सैनिक यहां संयुक्त कमान चौकी और निगरानी केंद्र स्थापित करने, आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने, छापेमारी करने, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान और युद्धक इंजीनियरिंग से जुड़ी गतिविधियों का अभ्यास करेंगे।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस बार अभ्यास में मानवरहित हवाई प्रणालियों यानी ड्रोन के इस्तेमाल पर भी खास जोर रहेगा। सैनिक इनका उपयोग दुश्मन की गतिविधियों की टोह लेने और निगरानी करने के लिए करेंगे। साथ ही, दुश्मन के ड्रोन का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की तकनीकों का भी अभ्यास किया जाएगा।

अभ्यास के अंतिम चरण में आतंकवाद विरोधी अभियान पर आधारित एक संयुक्त युद्धाभ्यास होगा। इसमें दोनों देशों के सैनिक मिलकर जमीनी कार्रवाई करेंगे। निगरानी प्रणालियों के साथ मानवरहित तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए अपनी तैयारियों को भी परखेंगे। यह अभ्यास 30 नवंबर तक चलेगा। इसमें भारत और मलेशिया की सेनाओं के 120-120 जवान हिस्सा ले रहे हैं।

यह द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास दोनों देशों में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के चैप्टर-7 के तहत आतंकवाद विरोधी अभियानों की तैयारी करना है। साथ ही ऐसे अभियानों के दौरान दोनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। ‘हरिमाउ शक्ति’ अभ्यास से भारत और मलेशिया की सेनाओं को अपने अनुभव, रणनीतियां और सैन्य तकनीक साझा करने का अवसर मिलेगा। इससे दोनों देशों के सैनिकों के बीच आपसी समझ और तालमेल मजबूत होगा। साथ ही, दोनों देशों के रक्षा सहयोग और सैन्य संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखने के साझा प्रयासों को बल मिलेगा।

वहीं, भारतीय वायुसेना ने 17 से 19 नवंबर तक गुजरात के जामनगर वायुसेना स्टेशन पर बहुराष्ट्रीय मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘सहायता सेतु 2026’ का आयोजन किया। इस अभ्यास में विभिन्न राष्ट्रीय एजेंसियों और मित्र देशों ने हिस्सा लिया। अभ्यास का समापन 19 नवंबर को बहु-एजेंसी क्षमता प्रदर्शन के साथ हुआ। इसमें जमीन, हवा और समुद्री क्षेत्रों के जरिए आपदा राहत के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल का प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के लिए सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने हिंद-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की भरोसेमंद प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता की भूमिका का भी उल्लेख किया।

अभ्यास के दौरान क्वाड मानवीय सहायता एवं आपदा राहत कार्य समूह की बैठक भी हुई। इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय बेहतर समन्वय, संयुक्त तैयारी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना था।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Share this story

Tags