भारत लाइफ साइंसेज अवार्ड 2026 के लिए आवेदन शुरू, 10 अगस्त तक मौका
नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। भारत लाइफ साइंसेज अवार्ड (बीएलएसए) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसका मकसद भारत के लाइफ साइंसेज इकोसिस्टम में वैज्ञानिक रिसर्च, इनोवेशन और पब्लिक हेल्थ के क्षेत्र में बेहतरीन योगदान को पहचानना है। 7 करोड़ रुपए की ग्रांट से समर्थित यह अवार्ड उन असाधारण वैज्ञानिकों, रिसर्च संस्थानों, विश्वविद्यालयों, स्टार्टअप्स और इकोसिस्टम लीडर्स को सम्मानित करने के लिए शुरू किया गया है, जो हेल्थकेयर और लाइफ साइंसेज के क्षेत्रों को आगे बढ़ा रहे हैं।
इस पहल का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफआईसीसी) और लिली के सहयोग से किया जाएगा, जिन्हें जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद (बाइरैक-बीआईआरएसी) और इन्वेस्ट इंडिया द्वारा समर्थन प्राप्त है।
बीएलएसए पुरस्कार में पांच श्रेणियों में छह सम्मान शामिल हैं, जिनमें व्यक्तिगत उत्कृष्टता, सहयोगात्मक नवाचार, संस्थागत उत्कृष्टता, स्वास्थ्य सेवा और जीवन विज्ञान स्टार्टअप और वैज्ञानिक इकोसिस्टम विकास हैं। चार श्रेणियों में अनुदान सहायता उपलब्ध है, जबकि दो श्रेणियां नवाचार और इकोसिस्टम निर्माण में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देती हैं।
भारत लाइफ साइंसेज अवार्ड (बीएलएसए) 2026 के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त तय की गई है। इस अवार्ड के लिए शोधकर्ता, वैज्ञानिक, सार्वजनिक अनुसंधान संस्थान, विश्वविद्यालय और निजी क्षेत्र के नवप्रवर्तक (इनोवेटर) आवेदन करने के योग्य हैं।
आवेदन करने के लिए योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को बीएलएसए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा करना होगा। बीएलएसए की ओर से अप्लाई करने वाले सभी कैंडिडेट्स को आवेदन शुल्क में पूर्ण रूप से छूट दी गई है।
भारत लाइफ साइंसेज अवार्ड के लिए सभी आवेदनों का मूल्यांकन एक स्वतंत्र निर्णायक मंडल द्वारा पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। वहीं, भारत लाइफ साइंसेज अवार्ड पात्रता और अन्य संबंधित जानकारी के लिए आवेदकों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

