Samachar Nama
×

भारत को देखने के लिए इटली का चश्मा हटाइए, कांग्रेस पर बरसे भाजपा सांसद तरुण चुघ

भारत को देखने के लिए इटली का चश्मा हटाइए, कांग्रेस पर बरसे भाजपा सांसद तरुण चुघ
भारत को देखने के लिए इटली का चश्मा हटाइए, कांग्रेस पर बरसे भाजपा सांसद तरुण चुघ

नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के गांधी परिवार और संघ परिवार को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा सांसद तरुण चुघ ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सीएम का बयान उनकी मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।

दरअसल तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने भाजपा और आरआरएस पर तीखा हमला करते हुए उन्हें देश के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है. उन्होंने सांप्रदायिक ताकतों को हराने के लिए कांग्रेस के साथ एकजुट होने की अपील लोगों से की

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में तरुण चुघ ने कहा कि चाटुकारिता अपनी चरम सीमा पर पहुंच गई है। रेवंत रेड्डी कल तक किसी और परिवार की तारीफों के पुल बांध रहे थे। चूंकि कांग्रेस में शामिल हुए आपको अभी कुछ ही महीने हैं तो गांधी परिवार की तारीफ करने लगे हैं। तारीफ करना भी समझ आता है, क्योंकि कांग्रेस नेताओं के बीच गांधी परिवार की प्रशंसा करने की होड़ लगी हुई है।

तरुण चुघ ने गांधी-नेहरू परिवार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उसकी तुलना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से किए जाने को लेकर भी आपत्ति जताई और कहा कि यह पूरी तरह से मानसिक दिवालियापन है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर विपक्ष की आपत्ति पर भी तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा भारत की सनातन परंपरा को अपमानित करने का प्रयास करती रही है। दुनिया में भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशों में भी युवा भजन और भारतीय संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों में रुचि ले रहे हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि भारत को देखने के लिए इटली का चश्मा हटाइए। तब भजन और भारत की संस्कृति में आनंद आएगा।

दूसरी ओर, तरुण चुघ ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए बनाए गए फंड का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए निर्धारित है और इसका इस्तेमाल अन्य योजनाओं में नहीं किया जाना चाहिए। श्रमिकों की जेबें लूटी जा रही हैं और वह भी सिर्फ आम आदमी पार्टी को राजनीतिक फायदा पहुंचाने, अपने नेताओं के लिए वाहवाही और फोटो खिंचवाने के मौके बनाने के लिए किया रहा है। निर्माण श्रमिकों की मेहनत की कमाई से जुड़े इस फंड का उद्देश्य उनके बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन जैसी जरूरतों में मदद करना है। यह राज्य सरकार के सामान्य बजट का हिस्सा नहीं है, बल्कि निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए निर्धारित फंड है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में हाईकोर्ट और केंद्र सरकार की ओर से उठाए गए कदमों के लिए वह आभार व्यक्त करते हैं। चुघ ने आरोप लगाया कि यदि हस्तक्षेप नहीं होता तो पंजाब सरकार इन फंड का इस्तेमाल राजनीतिक लोकप्रियता के लिए करती रहतीं।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story