भारत की विविधता का सम्मान करना चाहिए: मणिकम टैगोर
नई दिल्ली, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नियुक्ति वितरण समारोह में महिला का हिजाब खींचने को लेकर विपक्ष हमलावर है। इस बीच विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने देश में बुर्का बैन करने की मांग की है। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने इस पर निशाना साधा और इसे देश हित के खिलाफ बताया।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने आईएएनएस से बात करते हुए बुर्का बैन को लेकर हो रहे विवाद पर कहा, "हम लोगों को उनके कपड़ों, खाने की आदतों, रहने के तरीके या मान्यताओं के आधार पर एकजुट करने के बारे में नहीं सोच सकते। भारत इस तरह से आगे नहीं बढ़ सकता। भारत सभी लोगों का है। हर क्षेत्र, चाहे वह तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश या बंगाल हो, उसकी अपनी एक अलग पहचान है, और उस विविधता का सम्मान किया जाना चाहिए।"
मणिकम टैगोर ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कांग्रेस को भंग करने वाले बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कांग्रेस को क्यों भंग कर देना चाहिए? क्या हम महात्मा गांधी का नाम बचाने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए बैन करना चाहिए? केंद्र सरकार महात्मा गांधी का नाम हटाने की कोशिश कर रही है और हम उसे बचा रहे हैं। क्या इसलिए वे कांग्रेस को भंग करना चाहते हैं? शिवराज सिंह चौहान गरीबों का हक छीन रहे हैं और अमीरों को पूरी पूंजी देने का काम कर रहे हैं।"
उन्होंने पीएम मोदी के विदेशी दौरे और अर्थव्यवस्था के मामले में तेजी से आगे बढ़ने वाले बयान पर कहा, "80 करोड़ हिंदुस्तानी अभी भी राशन ले रहे हैं। भारत में गरीबी बढ़ रही है, सिर्फ एक प्रतिशत लोग और अमीर हो रहे हैं। इसे ग्रोथ नहीं कहते हैं।"
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के नीतीश कुमार का समर्थन करने पर कहा, "गिरिराज सिंह नफरत की राजनीति करके ऊपर आए हैं। हम लोगों को नफरत का बाजार बंद करना चाहिए।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी

