भारत की सीनियर टीम के लिए जल्द खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी: श्रेयसी सिंह
पटना, 22 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार सरकार में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में तूफानी पारी खेलने वाले बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि हम लोगों के लिए सौभाग्य की बात है कि वैभव ने हम लोगों को गर्व करने का मौका दिया।
बिहार सरकार वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करने जा रही है। सूर्यवंशी रविवार को पटना एयरपोर्ट पहुंचे। जहां उनके साथ फोटो लेने के लिए फैंस की भारी भीड़ देखी गई।
वैभव के सम्मान के लिए शाम 4 बजे सीएम आवास पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मंत्री विजय चौधरी के साथ-साथ दोनों डिप्टी सीएम मौजूद रहेंगे।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करने जा रही है। साथ ही उन्होंने राजगीर क्रिकेट ग्राउंड में आईपीएल मैचों की संभावना पर भी बात की।
उन्होंने कहा कि हम लोगों के लिए गर्व की बात है कि वैभव जैसे खिलाड़ी बिहार से निकले हैं। उन्होंने हमें गर्व करने का मौका दिया है। मैं उम्मीद करती हूं कि वैभव जल्द ही भारत की सीनियर टीम में भी खेलेंगे। निश्चित रूप से उन्हें सम्मानित करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार के बच्चे बिहार के अंदर क्रिकेट सहित अन्य खेलों की तैयारी कर पाएंगे। राजगीर का इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम भी बनकर तैयार हो रहा है। निश्चित रूप से आईपीएल हो या फिर अन्य टूर्नामेंट, बिहार में भी मेजबानी की जाएगी।
भारत मंडपम में आयोजित हुए एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि भारत मंडपम में एआई समिट आयोजित किया गया था, लेकिन समिट के दौरान जिस प्रकार से यूथ कांग्रेस के द्वारा विरोध दर्ज कराया गया, वह कहीं से भी उचित नहीं था। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आप भारत के विकास के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। यह कहीं से भी उचित नहीं था। कांग्रेस के कार्यकर्ता शर्टलेस और शेमलेस हो गए।
--आईएएनएस
डीकेएम/एएस

