भारत-जापान संबंधों को और गति देने पर जोर, विदेश सचिव ने जापानी सांसदों से की बातचीत
नई दिल्ली, 22 सितंबर (आईएएनएस)। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को जापान के सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। जापानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एलडीपी के इंटरनेशनल ब्यूरो के महानिदेशक तारो कोनो ने किया। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को एक बयान जारी कर बताया कि बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जापानी सांसदों का यह प्रतिनिधिमंडल 18 से 22 सितंबर तक है। यह यात्रा भारत-जापान डिस्टिंग्विश्ड विजिटर्स प्रोग्राम के तहत आयोजित की गई है। प्रतिनिधिमंडल में तारो कोनो के अलावा एलडीपी पॉलिसी रिसर्च काउंसिल के उपाध्यक्ष केंजी नाकानिशी, एलडीपी इंटरनेशनल ब्यूरो की कार्यवाहक निदेशक और डिजिटल सोसाइटी को बढ़ावा देने वाली समिति की उपाध्यक्ष कैरेन माकिशिमा तथा सांसद साकोन यामामोटो शामिल हैं।
तारो कोनो इससे पहले जापान के रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री और डिजिटल मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। भारत दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बेंगलुरु में भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) का भी दौरा किया। इन दौरों के दौरान भारत की तकनीकी, वैज्ञानिक, अंतरिक्ष और रक्षा क्षमताओं को समझने का अवसर मिला।
विदेश सचिव के साथ बैठक में दोनों पक्षों ने रक्षा, आर्थिक सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा लोगों के बीच संपर्क सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार किया।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने भारत के डीप-टेक उद्यमिता, अनुसंधान और नवाचार के तेजी से विकसित हो रहे इकोसिस्टम की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने भारत के आर्थिक विकास की गति, विनिर्माण क्षेत्र में बढ़ती क्षमता और उससे भारत के साथ-साथ उसके साझेदार देशों के लिए पैदा हो रहे अवसरों को भी रेखांकित किया।
दोनों पक्षों ने आर्थिक जोखिमों को कम करने और आपूर्ति श्रृंखला को अधिक मजबूत बनाने के लिए भारत और जापान के बीच आर्थिक सुरक्षा सहयोग को और व्यापक तथा गहन बनाने की जरूरत पर भी चर्चा की।
बैठक में तेजी से बदलते वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य के बीच भारत-जापान स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप के महत्व को भी रेखांकित किया गया। दोनों पक्षों ने कहा कि राजनीतिक विश्वास, आपसी सद्भावना और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण पर आधारित यह साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण आधार के रूप में काम कर सकती है।
दोनों पक्षों ने भारत-जापान संबंधों के दायरे और गहराई को तेजी से बढ़ाने की आवश्यकता पर सहमति जताई। इसके लिए दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों द्वारा 16वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान तय की गई दिशा को आधार बनाया जाएगा।
भारत और जापान के बीच हाल के वर्षों में रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष, एआई, स्टार्टअप, आर्थिक सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है। जापानी सांसदों का मौजूदा दौरा भी इसी व्यापक सहयोग को संसदीय स्तर पर आगे बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
--आईएएनएस
केआर/

