Samachar Nama
×

भारत-जीसीसी सहयोग को नई दिशा देगा कोच्चि डायलॉग 2026, नवंबर में होगा तीन दिवसीय आयोजन

भारत-जीसीसी सहयोग को नई दिशा देगा कोच्चि डायलॉग 2026, नवंबर में होगा तीन दिवसीय आयोजन
भारत-जीसीसी सहयोग को नई दिशा देगा कोच्चि डायलॉग 2026, नवंबर में होगा तीन दिवसीय आयोजन

कोच्चि, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 'कोच्चि डायलॉग 2026' के दूसरे संस्करण का आयोजन 18 से 20 नवंबर तक केरल के कोच्चि स्थित ताज विवांता होटल में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में भारत और जीसीसी देशों के नीति-निर्माता, राजनयिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक, शोधकर्ता और शिक्षाविद हिस्सा लेंगे।

इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी रिसर्च (सीपीपीआर) और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के पॉलिसी प्लानिंग एंड रिसर्च (पीपीएंडआर) डिवीजन द्वारा किया जा रहा है।

सम्मेलन का उद्देश्य भारत और जीसीसी के छह सदस्य देशों, बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाने के अवसरों पर चर्चा करना है।

कोच्चि डायलॉग 2026 में रणनीतिक सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), शिक्षा और नवाचार, बंदरगाह एवं लॉजिस्टिक्स अवसंरचना, आपूर्ति श्रृंखला संपर्क, निवेश और पूंजी प्रवाह, ऊर्जा सुरक्षा तथा नवीकरणीय ऊर्जा जैसे प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श होगा।

इन क्षेत्रों को भारत और जीसीसी देशों की अर्थव्यवस्थाओं के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन में निवेश बढ़ाने, कारोबारी सहयोग को प्रोत्साहित करने और आर्थिक संपर्कों को मजबूत बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

कोच्चि डायलॉग का पहला संस्करण जनवरी 2025 में आयोजित किया गया था। इसका उद्घाटन विदेश राज्य मंत्री और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने किया था। वहीं, जीसीसी के तत्कालीन महासचिव जासिम मोहम्मद अल-बुदैवी ने विशेष संबोधन दिया था।

पहले संस्करण में भी भारत और खाड़ी देशों के प्रमुख हितधारकों ने साझा प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया था और द्विपक्षीय सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया था।

आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय संवाद में क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार साझा करने के साथ-साथ निवेश, व्यापारिक साझेदारी, बुनियादी ढांचा विकास और आर्थिक संपर्क बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा होगी।

भारत और जीसीसी देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में तेजी से बढ़ते संबंधों को देखते हुए कोच्चि डायलॉग 2026 का उद्देश्य एक अधिक मजबूत, समावेशी और दीर्घकालिक साझेदारी के लिए नई संभावनाओं की पहचान करना है।

सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत और रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर यह संवाद भारत-जीसीसी संबंधों के लिए भविष्य की सहयोगी रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का प्रयास करेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags