भारत चीन या पाकिस्तान नहीं है, कानून हाथ में लेने वालों को भुगतने होंगे परिणाम : राजीव चंद्रशेखर
तिरुवनंतपुरम, 26 नवंबर (आईएएनएस)। केरल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजीव चंद्रशेखर ने संविधान दिवस के मौके पर सीपीएम नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भारत में कानून और अदालतें सर्वोपरि हैं और कानून हाथ में लेने वालों को तुरंत परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से अपील की कि वे अपने सहयोगियों को अदालतों और कानून का सम्मान करने की सलाह दें।
केरल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "मैं हर सीपीएम नेता और कार्यकर्ता से बस इतना कहता हूं: यह मत भूलिए कि हम भारत में रहते हैं। यह वह देश है जहां हम संविधान दिवस मनाते हैं। यह वह देश है जहां कानूनों और अदालतों की बहुत, बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। कानून यह सुनिश्चित करने के लिए हैं कि कानून तोड़ने वालों को कानून के तहत अपने किए का परिणाम भुगतना पड़े।"
उन्होंने कहा कि यह चीन नहीं है, यह पाकिस्तान नहीं है। कोई कार्यकर्ता कानून अपने हाथ में लेने का फैसला नहीं कर सकता। इसलिए एक्सालॉजिक घोटाले में घिरे पिनराई विजयन से मेरी यह अपील है। उन्होंने ही कहा था कि मैं अदालतों का सम्मान करता हूं। उन्हें अपने सहयोगियों को अदालतों और कानून का सम्मान करने की सलाह देनी चाहिए और अगर कोई कानून अपने हाथ में लेने का फैसला करता है तो मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि परिणाम तुरंत भुगतने होंगे। परिणाम बहुत ही स्पष्ट होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज जब हम सामाजिक न्याय और संविधान का उत्सव मना रहे हैं, तब यह याद रखना चाहिए कि सामाजिक न्याय संविधान की मूल प्रस्तावना का एक बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा था और आज भी है। ओबीसी और एससी के लिए आरक्षण संविधान में शामिल था। दुर्भाग्य से, बिना किसी खास विरोध के, केरल जैसे राज्यों में ओबीसी आरक्षण को काटकर एक विशेष समुदाय के लिए आरक्षण बना दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ अस्वीकार्य ही नहीं, बल्कि ऐसा मुद्दा है जिस पर हमें चर्चा करनी चाहिए, क्योंकि कुछ ओबीसी समुदायों के अधिकार तुष्टिकरण की राजनीति और धर्म-आधारित आरक्षण के नाम पर छीने जा रहे हैं।
राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि भारत के संविधान का अनुच्छेद 14 बिल्कुल स्पष्ट है। भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता। इसलिए ये ऐसे मुद्दे हैं जिन पर हमें चर्चा करनी चाहिए, खुलकर चर्चा करनी चाहिए और बहस करनी चाहिए। हमारा एक मत है, किसी और का दूसरा मत हो सकता है, लेकिन यह मामला खुलकर सामने आना चाहिए और इस पर चर्चा होनी चाहिए कि एक समुदाय को धर्म-आधारित आरक्षण कैसे मिलता है और केरल और भारत के ओबीसी समुदायों से वह धर्म-आधारित आरक्षण कैसे छीन लिया जाता है।
यूनाइटेड क्रिश्चियन फोरम (यूसीएफ) पूरे भारत में सुरक्षित और भयमुक्त क्रिसमस समारोह आयोजित करने की अपील कर रहा है। इसे लेकर भाजपा विधायक ने कहा कि मैं पूरी तरह सहमत हूं। हर धर्म और हर धर्म के प्रत्येक सदस्य को बिना किसी डर या धमकी के अपने-अपने त्योहार मनाने की स्वतंत्रता होनी चाहिए, चाहे वैलेंटाइन, चाहे क्रिसमस हो, दिवाली हो या कोई और त्योहार। मेरा मानना है कि यह हर भारतीय नागरिक का वैध अधिकार है, लेकिन इसे किसने लिखा है और वे इससे क्यों डर रहे हैं, इस बारे में मैंने अध्ययन नहीं किया है, इसलिए मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता।
राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि जैसा कि मैंने आज यहां तिरुवनंतपुरम में कहा, 26 नवंबर अब केवल उस दिन के रूप में नहीं मनाया जाना चाहिए, जब संविधान सभा ने प्रस्तावना को अपनाया था। यह ऐसा दिन होना चाहिए, जब हम विशेष रूप से युवा पीढ़ी को संविधान, के इतिहास और सबसे महत्वपूर्ण बात, किन राजनीतिक ताकतों और किस राजनीतिक दल ने संविधान को विकृत करने और उसका उल्लंघन करने की पूरी कोशिश की, इसके बारे में जानने का अवसर दें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि हमारे संविधान का इतिहास युवा पीढ़ी के लिए जानना महत्वपूर्ण है। खासकर आज, जब राजनीतिक धोखेबाज संविधान लहराते फिर रहे हैं और यह पूरी कहानी नहीं बता रहे कि उनकी अपनी पार्टी और उनका अपना वंश किस तरह संविधान को पूरी तरह कमजोर करने, विकृत करने और उसका उल्लंघन करने में शामिल रहा है। एक बार नहीं, बल्कि बार-बार और आज भी ऐसा करना जारी रखे हुए है।
उन्होंने का कि इसलिए मुझे लगता है कि यह बहुत-बहुत महत्वपूर्ण बात है। संविधान के वे आदर्श, जिन्हें हमारे संस्थापकों ने 26 नवंबर 1949 को प्रस्तावना अपनाकर निर्धारित किया था, हमारी युवा पीढ़ी को पूरी तरह समझना, आत्मसात करना और सबसे महत्वपूर्ण बात, उनकी रक्षा के लिए संघर्ष करना चाहिए।
--आईएएनएस
केके/वीसी

