भारत बनाम वेस्टइंडीज: बेंगलुरु में बारिश जारी, पांचवें टी20 मुकाबले के टॉस में होगी देरी
बेंगलुरु, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि, बेंगलुरु में लगातार बारिश के चलते टॉस देरी से होगा।
बारिश के चलते मैदान पूरी तरह से कवर्स से ढका हुआ है। बारिश अभी भी जारी है। 'एक्यूवेदर' की रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु में मैच के समय पर तेज बारिश होने की आशंका है, जिसके चलते इस मुकाबले पर खतरा मंडरा रहा है। हालांकि, चिन्नास्वामी स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम (मैदान को सुखाने की व्यवस्था) काफी अच्छी है। बारिश के चलते ओवरों में कटौती भी देखने को मिल सकती है। हालांकि, अगर संभव हुआ, तो पांच-पांच ओवर का मैच भी कराया जा सकता है।
चिन्नास्वामी में भारत ने अब तक कुल 8 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 4 में जीत मिली है, जबकि 3 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। भारत ने इस ग्राउंड पर अपना आखिरी मैच 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसका नतीजा दो सुपर ओवर खेलने के बाद भारत के पक्ष में निकला था।
पांच मैचों की सीरीज अभी 2-2 से बराबर है। चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को 24 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 247 रन लगाए थे। टीम की ओर से शाई होप ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद शतकीय पारी खेली। वहीं, शेरफेन रदरफोर्ड ने सिर्फ 26 गेंदों में 49 रनों की दमदार पारी खेली थी।
हालांकि, इस लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 9 विकेट खोकर 223 रन ही बना सकी थी। टीम इंडिया की ओर से संजू सैमसन ने 23 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 43 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 41 रनों का योगदान दिया था। भारतीय टीम के लिए इस पूरी सीरीज में गेंदबाजी सबसे बड़ा चिंता का विषय रहा है। चौथे टी20 में भी टीम के गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए थे।
दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान शाई होप के बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं। वह चार टी20 मैचों में से दो में शतक लगा चुके हैं। होप को रदरफोर्ड, हेटमायर और रोमारियो शेफर्ड का भी अच्छा साथ मिला है। आखिरी टी20 में कीमो पॉल ने वेस्टइंडीज की तरफ से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए थे।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

