Samachar Nama
×

भारत बनाम थाईलैंड: दीप्ति शर्मा के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, हरमनप्रीत-मंधाना के 'खास क्लब' में बनाई जगह

भारत बनाम थाईलैंड: दीप्ति शर्मा के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, हरमनप्रीत-मंधाना के 'खास क्लब' में बनाई जगह
भारत बनाम थाईलैंड: दीप्ति शर्मा के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, हरमनप्रीत-मंधाना के 'खास क्लब' में बनाई जगह

दुबई, 30 अगस्त (आईएएनएस)। विमेंस एशिया कप 2026 के तीसरे मैच में भारतीय टीम का सामना थाईलैंड से हो रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। दीप्ति शर्मा ने इस मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है।

दीप्ति शर्मा अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 150वां मैच खेल रही हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली महज तीसरी भारतीय खिलाड़ी बनी हैं। उनसे पहले यह मुकाम सर्फ हरमनप्रीत कौर (202 मैच) और स्मृति मंधाना (171 मैच) ही हासिल कर सकी हैं। दीप्ति 150 टी20 मैच खेलने वाली दुनिया की 12वीं महिला क्रिकेटर बनी हैं।

थाईलैंड की कार्यवाहक कप्तान थिपचा पुट्टावोंग ने टॉस जीतकर पहले भारतीय टीम को बल्लेबाजी करने का कहा है। भारत की ओर से इस मुकाबले में प्रतिका रावल टी20 इंटनरेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर रही हैं। प्रतिका को जेमिमा रोड्रिग्स के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद टीम में शामिल किया गया है। प्रतिका नंबर तीन पर बल्लेबाजी करती हुई नजर आएंगी।

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा भारतीय टीम की ओर से पारी का आगाज करती हुई नजर आएंगी। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर, दीप्ति शर्मा और भारती फुलमाली के ऊपर टीम के मध्यक्रम को संभालने की जिम्मेदारी होगी। स्पिन गेंदबाज प्रेमा रावत को श्री चरणी के साथ स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालने के लिए रखा गया है। रेणुका सिंह और अरुंधति रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई है। तेज गेंदबाजी की कमान क्रांति गौड़ संभालेंगी और उनका साथ देने के लिए नंदनी शर्मा को चुना गया है।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम इस मुकाबले में शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, एन श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा के साथ मैदान पर उतरी है।

थिपचा पुथावोंग की अगुवाई में थाईलैंड की टीम इस मैच में नन्नापत कोंचरोएनकाई (विकेटकीपर), चानिदा सुथिरुआंग, सुलेपोर्न लाओमी, ओन्निचा कामचोमफू, फन्निता माया, एफिसारा सुवानचोनराथी, सुनीदा चतुरोंग्रट्टाना, नन्नाफट चाइहान और नाओमी हैमिल्टन के साथ खेल रही है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story