भारत और ओमान की नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग बढ़ाने के लिए आठवें दौर की वार्ता
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और ओमान की नौसेनाओं के बीच एक महत्वपूर्ण वार्ता हुई है। नई दिल्ली में यह दोनों देशों के बीच हुई आठवें दौर की स्टाफ वार्ता है। समुद्री सुरक्षा की साझा चुनौतियों से निपटने की तैयारी पर दोनों देशों ने बात की है।
दरअसल, भारत और ओमान के बीच हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग का विशेष महत्व है। दोनों नौसेनाओं की इस वार्ता में साझा समुद्री चुनौतियों से निपटने और इस समुद्री क्षेत्र में ऑपरेशनल तालमेल को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
इस बैठक में समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने और आपसी सैन्य सहयोग को नई गति देने पर मंथन किया गया। नौसेना के मुताबिक, यह वार्ता 27 और 28 अक्टूबर को हुई। इस बैठक में दोनों देशों के बीच संयुक्त ऑपरेशनल गतिविधियां बढ़ाने, प्रशिक्षण, सूचनाओं के आदान-प्रदान और जल सर्वेक्षण के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की गई है।
भारतीय नौसेना ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। वार्ता का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाना और समुद्री सुरक्षा से जुड़ी साझा चुनौतियों का मिलकर सामना करने की क्षमता विकसित करना था। इस वार्ता की सह-अध्यक्षता भारतीय नौसेना की ओर से कमोडोर कार्तिक श्रीमल, कमोडोर (एफसी) और ओमान की रॉयल नेवी की ओर से कमोडोर अहमद जुमा सलीम अल खतरि, महानिदेशक (संचालन एवं योजना) ने की।
बैठक के दौरान दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन स्तर पर संपर्क और सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मजबूत करने और महत्वपूर्ण सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी तालमेल और साथ मिलकर काम करने की क्षमता को और बेहतर बनाना है।
वार्ता में जल सर्वेक्षण के क्षेत्र में सहयोग भी प्रमुख मुद्दा रहा। समुद्री क्षेत्रों की जानकारी जुटाने और समुद्री गतिविधियों से जुड़े कार्यों में जल सर्वेक्षण की अहम भूमिका होती है। ऐसे में इस क्षेत्र में सहयोग दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच समन्वय बढ़ाने में मददगार हो सकता है।
आठवें दौर की यह स्टाफ वार्ता दोनों देशों के बीच नियमित रक्षा संवाद और नौसैनिक सहयोग को आगे बढ़ाने का माध्यम बनी। इसके जरिए प्रशिक्षण, सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त गतिविधियों के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया। भारतीय नौसेना और ओमान की रॉयल नेवी के बीच यह संवाद दोनों देशों की मित्रता और समुद्री सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम है।
--आईएएनएस
जीसीबी/एबीएम

