Samachar Nama
×

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भाजपा का जवाब, किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं

नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि इस समझौते का प्रारूप अब केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल द्वारा पेश कर दिया गया है, जिससे किसी भी तरह के भ्रम या आशंका की कोई गुंजाइश नहीं बची है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने देश के हितों की, विशेष रूप से कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों की, पूरी सतर्कता और मजबूती के साथ रक्षा की है।

सुधांशु त्रिवेदी ने आम बोलचाल की भाषा में समझाते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों को इस व्यापार समझौते के तहत सुरक्षित या संरक्षित रखा गया है, उन पर किसी भी प्रकार के विदेशी आयात का प्रभाव नहीं पड़ेगा। इनमें गेहूं, चावल, चीनी, दाल, मिलेट्स सहित कई अहम कृषि उत्पादों की विस्तृत सूची शामिल है। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट हो गया है कि भारत सरकार ने किसानों के हितों का दृढ़ता के साथ संरक्षण किया है। साथ ही देश के दुग्ध व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों की भी पूरी तरह रक्षा की गई है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस व्यापार समझौते के जरिए देश के लघु और मध्यम उद्योगों के उद्यमियों के लिए दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के द्वार खोल दिए गए हैं। उन्होंने इसे देश के लिए एक बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि भारतीय उद्यमियों को वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा। सुधांशु त्रिवेदी ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भाजपा की ओर से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह समझौता देश की संपूर्ण जनता के लिए सुखद और अनुकूल अवसर लेकर आया है।

सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि अमेरिका के साथ यह छठा व्यापार समझौता भारत के लिए एक अहम पड़ाव है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि हाल के महीनों में दुनिया की सभी बड़ी विकसित अर्थव्यवस्थाएं भारत के साथ व्यापार करने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल अपने मजदूरों, किसानों और डेयरी उद्यमियों के हितों की सफलतापूर्वक रक्षा कर रहा है, बल्कि देश को आर्थिक प्रगति और वैश्विक नेतृत्व की नई दिशा की ओर भी अग्रसर कर रहा है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags