भारत-अमेरिका व्यापार समझौता को एनडीए नेताओं ने बताया ऐतिहासिक, कहा- 'मेक इन इंडिया' को मिलेगी नई उड़ान
नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को एनडीए के नेताओं ने दोनों देशों के लिए बड़ा फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की तरफ से टैरिफ कम करने से व्यापार में काफी फायदा होने वाला है। इसके साथ ही मेक इन इंडिया को नई उड़ान मिलेगी।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर विपक्ष के बयानों पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "क्या दो देशों के बीच का फैसला किसी एक देश से हो सकता है? किसी भी विषय को बिना किसी आधार के खड़ा करने के प्रयास करते हैं।"
भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा, "सदन तो चलनी ही चाहिए। उन्हें अपनी बात कहनी है तो कहें, लेकिन उनके पास कुछ कहने के लिए होता नहीं है। कुछ भी होने पर विपक्ष सदन छोड़ देता है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से दोनों देशों में व्यापार के लिए कई नए रास्ते खुल रहे हैं।"
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, "यह फैसला स्वागत योग्य है। आज अमेरिका ने टैरिफ कम किया है। इसके बाद से जीरो टैरिफ पर 27 देशों का बाजार भारत के लिए खुल गया। 39 देशों के साथ हमें मौका मिला। आज भारत का निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। जब भी दूसरे लोग बयान देते हैं, तो प्रधानमंत्री मोदी ने कभी भी जल्दबाजी में प्रतिक्रिया नहीं की। इसके बजाय, वह जो कहते हैं, उस पर काम करते हैं और नतीजे दिखाते हैं। उदाहरण के लिए, आज चीन के लिए टैरिफ 5 प्रतिशत और इंग्लैंड के लिए 1.3 प्रतिशत था। उन्होंने वादे के मुताबिक उन्हें लागू किया। जब डोनाल्ड ट्रंप ने कोई बयान दिया तो पीएम मोदी ने जुबानी जवाब नहीं दिया या बहस नहीं की, उन्होंने अपने कामों को बोलने दिया।"
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "विपक्ष की बात को कौन दबा रहा है? कल बार-बार लोकसभा अध्यक्ष के द्वारा आग्रह किया गया कि नियमों के अनुरूप विषय पर चर्चा करें। क्या नेता प्रतिपक्ष को इसके अलावा कोई विषय नहीं था? ये दर्शाता है कि विपक्ष के पास हंगामा करने के अलावा कुछ नहीं है। आपके सांसद सवाल पूछना चाहते हैं सरकार जवाब देने को तैयार है। आप प्रश्नकाल चलने ही नहीं देना चाहते।"
भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा, "आज बहुत ही अच्छी सभा रही। प्रधानमंत्री ने विभिन्न मुद्दों को लेकर हमें उपदेश दिए। उन्होंने हमें बताया कि हम एक सांसद के तौर पर किस तरह अपने व्यक्तित्व को निखारें और किस तरह हम परिश्रम करें। देश को आगे ले जाने में सबका योगदान है।"
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा, "18 प्रतिशत टैरिफ भारत के मुकाबले वाले देशों, चाहे वे चीन, बांग्लादेश या वियतनाम हों, की तुलना में कम है। इससे हमारे निर्माताओं को फायदा होगा और 'मेक इन इंडिया' पहल को काफी बढ़ावा मिलेगा। यह एक ऐतिहासिक पल है। भारत और अमेरिका दुनिया की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियां हैं, जिनकी कुल आबादी लगभग 2 अरब है। इस तरह के ट्रेड समझौता का ग्लोबल ट्रेड पर बड़ा असर पड़ेगा और इसके बहुत पॉजिटिव और फायदेमंद होने की उम्मीद है।"
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि दोनों देशों के बीच बहुत ही अच्छा समझौता है, जिससे दोनों देशों को इसका बहुत लाभ मिलेगा। भारत के टेक्सटाइल जैसी उपयोग करने वाली वस्तु भी 18 प्रतिशत टैरिफ में आएंगे। अब इसका फायदा लोगों को मिलेगा। दोनों देशों में व्यापार बढ़ने से युवाओं और किसानों को सबसे ज्यादा फायदा पहुंचने वाला है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

