Samachar Nama
×

भारत-अमेरिका ट्रेड डील बड़ी उपलब्धि, देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाएगी: रामदास आठवले

नई दिल्ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत किए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने इस फैसले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील बड़ी उपलब्धि, देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाएगी: रामदास आठवले

नई दिल्‍ली, 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत किए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने इस फैसले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

रामदास आठवले ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुआ यह ट्रेड एग्रीमेंट देशहित में लिया गया ऐतिहासिक फैसला है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस समझौते में देश के हितों को सर्वोपरि रखा है और यह सुनिश्चित किया है कि इसका सीधा लाभ भारतीय किसानों को मिले, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें और देश की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत हो। आठवले ने कहा कि इस डील के दूरगामी और सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे और यह भारत की प्रगति में अहम भूमिका निभाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कहना गलत है कि इस समझौते से भारतीय किसानों को नुकसान होगा। उन्होंने तर्क दिया कि अमेरिका में कृषि का दायरा भारत की तुलना में सीमित है, ऐसे में यह समझौता भारतीय किसानों के लिए लाभकारी साबित होगा। रामदास आठवले ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र तभी टिकाऊ होता है, जब उसके साथ सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र भी हो। यह व्यापार समझौता उसी दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

रामदास आठवले ने आगे कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब भारत और अमेरिका के संबंध उतने बेहतर नहीं थे, लेकिन अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने रूस के साथ भी अपने संबंधों को मजबूत किया है और इसी क्रम में हाल ही में यूरोप के साथ भी महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं। भारत-अमेरिका के बीच यह बड़ी पहल प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संभव हो सकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि इसी तरह के रणनीतिक और दूरदर्शी समझौते आगे भी होते रहे तो भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

वहीं, राजस्थान सरकार में मंत्री जवाहर सिंह बेधम ने भी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत के लिए जीत सुनिश्चित करने को प्रधानमंत्री ने रणनीतिक योजना के तहत काम किया, जिसके लिए वह उनका धन्यवाद करते हैं। बेधम ने कहा कि जब अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा टैरिफ बढ़ाने की घोषणा की गई थी, तब विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा था, लेकिन उसी समय प्रधानमंत्री मोदी ने दूरदर्शिता दिखाते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इससे दुनिया को यह संदेश गया कि भारत एक बड़ा और मजबूत बाजार है।

जवाहर सिंह बेधम ने कहा कि देश अब अपने पैरों पर खड़ा होकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की इसी सकारात्मक और रणनीतिक सोच के कारण अमेरिका को अपने फैसले पर दोबारा विचार करना पड़ा और अंततः टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व और स्पष्ट दृष्टिकोण को दर्शाता है, जिससे भारत वैश्विक मंच पर लगातार मजबूत स्थिति में उभर रहा है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags