Samachar Nama
×

भाजपा नेताओं ने कहा-पीएम मोदी का 'गुरुद्वारा खालसा दीवान' जाना, सिख समुदाय के लिए गर्व की बात

भाजपा नेताओं ने कहा-पीएम मोदी का 'गुरुद्वारा खालसा दीवान' जाना, सिख समुदाय के लिए गर्व की बात
भाजपा नेताओं ने कहा-पीएम मोदी का 'गुरुद्वारा खालसा दीवान' जाना, सिख समुदाय के लिए गर्व की बात

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस के मनीला स्थित 'गुरुद्वारा खालसा दीवान' साहिब में मत्था टेका। इस अवसर पर पीएम ने प्रवासी सिख समुदाय के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की। सिख समुदाय की ओर से उन्हें विशेष स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। पीएम मोदी के गुरुद्वारे दौरे को लेकर भाजपा नेताओं ने इसे सिख समुदाय के लिए गौरव का दिन बताया।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री का पद्भार संभालने के बाद पीएम जब भी विदेश गए हैं और वहां कोई गुरुद्वारा साहिब रहा है तो वे वहां जरूर गए हैं। मुझे कई ऐसे दौरों की याद है-जैसे जब वे तेहरान गए तो वहां हमारे समुदाय के लोगों से मिले, जब वे वैंकूवर, रोम या न्यूजीलैंड गए, तो उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। आज, टीवी चैनलों की बदौलत हमने मनीला से जो लाइव कार्यक्रम देखा, उसमें एक 100 साल पुराना गुरुद्वारा साहिब है। वहां भी प्रधानमंत्री मोदी गए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते गुए केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने लिखा कि सिख गुरुओं की महान विरासत, उनके त्याग, बलिदान और मानवता के संदेश के प्रति सम्मान को प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यों से निरंतर अभिव्यक्त किया है। चाहे छोटे साहिबजादों की शहादत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए ‘वीर बाल दिवस’ की शुरुआत हो, 70 वर्षों से अधिक समय बाद श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने का ऐतिहासिक निर्णय हो, 1984 के पीड़ितों को न्याय दिलाने के प्रयास हों या श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों को अफगानिस्तान से सम्मानपूर्वक भारत लाना हो, पीएम मोदी ने सिख समुदाय की आस्था, सम्मान और अधिकारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब फिलीपींस के मनीला स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारा साहिब के व्यापक पुनर्विकास की आधारशिला रखकर प्रधानमंत्री दुनिया भर में सिख संस्कृति और विरासत के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक नया आयाम दे रहे हैं। पांच मंजिला आधुनिक गुरुद्वारा परिसर वहां की सिख संगत को बेहतर सुविधाएं और सामुदायिक कार्यों के लिए समुचित स्थान उपलब्ध कराएगा। यह पहल केवल एक ऐतिहासिक श्री गुरुद्वारे साहिब का पुनर्विकास नहीं, बल्कि दुनिया भर में सिख समुदाय की आस्था, पहचान और गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है। सिख गुरुओं के आदर्शों के प्रति श्रद्धा और उनकी महान विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है।

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि मनीला के ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नतमस्तक होना और इसके पुनर्विकास की आधारशिला रखना, सिख गुरुओं की महान परंपराओं के प्रति उनके गहरे सम्मान और श्रद्धा, तथा सिख समुदाय के लिए उनके स्नेह को दर्शाता है। यह केवल किसी धार्मिक स्थल के पुनर्विकास की पहल नहीं है बल्कि हमारी गौरवशाली विरासत और सिख गुरुओं की शिक्षाओं को सहेजने का एक संकल्प भी है। विशेष रूप से इस संदेश को कि 'मानस की जात सब एकै पहचानबो' (पूरी मानवता को एक ही मानना)। सिख समुदाय के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान केवल भारत तक ही सीमित नहीं है। दुनिया के हर कोने में रहने वाले सिख भाई-बहनों के लिए उनका स्नेह और संवेदनशीलता हमेशा झलकती है। पीएम मोदी ने वैश्विक मंच पर सिख विरासत, सिख इतिहास, सिखों के अमर बलिदान को हमेशा सम्मान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया है।

भाजपा नेता सतनाम सिंह संधू ने कहा कि पूरे सिख समुदाय के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए फिलीपींस के दौरे पर हैं, उन्होंने वहां एक गुरुद्वारे जाने के लिए समय निकाला। मनीला में 100 साल पुराने गुरुद्वारे का पुनर्निर्माण किया जा रहा है और वहां एक नई इमारत बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री ने गुरुद्वारे का दौरा किया, सुखमनी साहिब का पाठ सुना, अरदास में शामिल हुए और नई इमारत की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह सिखों के लिए खुशी और गर्व की बात है। इस पहल के लिए हम सभी पीएम मोदी के आभारी हैं।

दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ये दृश्य बहुत भावुक कर देने वाला है। यह हम सभी के लिए बड़े गर्व की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मनीला के गुरुद्वारा साहिब में एक प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं बल्कि एक विनम्र सेवादार के रूप में पहुंचते हैं। यह 100 साल पुराना गुरुद्वारा साहिब है, जिसका पुनर्निर्माण हो रहा है और इसे पांच मंजिला गुरुद्वारा साहिब के रूप में तैयार किया जाएगा। संगत के साथ मिलकर आधारशिला रखकर इसकी 'कारसेवा' शुरू की गई। वे वहां एक श्रद्धालु और सेवादार के रूप में पहुंचे, जो गुरु के प्रति उनके समर्पण और सम्मान को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कनाडा के गुरुद्वारों के पवित्र परिसरों से लेकर अफगानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब को सुरक्षित वापस लाने तक, पिछले एक दशक के ये पल भारत और दुनियाभर की सिख संगत के बीच के अटूट बंधन को दर्शाते हैं। चाहे गुरु नानक देव जी की विरासत का सम्मान करना हो, सिख सैनिकों के बलिदानों को याद करना हो या अलग-अलग महाद्वीपों में फैली संगत के साथ जुड़ना हो, ये पल तीन शाश्वत मूल्यों को एक साथ लाते हैं: विरासत, बलिदान और सेवा।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story