'भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व राहुल कर रहे, बाकी सब सहयोगी', अखिलेश की टिप्पणी पर कांग्रेस सांसद का जवाब
नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तर प्रदेश में 'भाजपा बनाम समाजवादी पार्टी' पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं। इस लड़ाई में कोई इधर से सहयोगी होगा और कोई ऊधर से सहयोगी होगा।
अखिलेश यादव का यह कहना कि यूपी में मुख्य मुकाबला भाजपा बनाम समाजवादी पार्टी होगा, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आईएएनएस से कहा, "देश के अंदर दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं और दूसरी विचारधारा का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।"
इमरान मसूद ने आगे कहा, "यह विचारधारा और देश के बदलाव की लड़ाई है। इस लड़ाई में कोई इधर से सहयोगी होगा और कोई ऊधर से सहयोगी होगा, लेकिन लड़ाई बिल्कुल साफ है और यह राहुल गांधी के नेतृत्व में ही लड़ी जा रही है। सब सहयोगी हैं। सब साथ में चल रहे हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में ही लड़ाई लड़ी जा रही है।"
लखनऊ के जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को निजी हाथों में सौंपने के अखिलेश यादव को आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा, "जो भी चीजें पहले बनाई गई हैं, उन सभी को इस सरकार ने बेचने का काम किया है। इसलिए सरकार ठेके पर चल रही है। नौकरी सरकार को देनी नहीं हैं, क्योंकि नौकरी देंगे तो आरक्षण देना होगा। इसलिए सरकार ठेके पर चलाएंगे।"
उन्होंने कहा कि जब देश के संयुक्त सचिव स्तर अधिकारियों को भी सरकार संविदा पर भर्ती कर सकती है तो आप भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकते हैं कि ये देश को कहां लेकर जाना चाहते हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जेन-जी को टैबलेट दिए जाने के निर्णय पर कांग्रेस सांसद ने कहा, "लुभाने से काम नहीं चलेगा। पिछले 5 साल में आईआईटी के 70 छात्रों ने आत्महत्या की। अगर आईआईटी के बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं तो देश की स्थिति समझ सकते हैं।"
इलाहाबाद हाई कोर्ट के इस फैसले पर कि हिजाब स्कूल यूनिफॉर्म का हिस्सा नहीं है, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "कोई क्या पहनता है या क्या नहीं, इसे धर्म के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। सिर ढकना हमारी संस्कृति का हिस्सा है।"
भाजपा सांसद कंगना रनौत की ओर से कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन की आलोचना करने पर कांग्रेस सांसद ने कहा, "कंगना ने अपने कपड़े तो कभी देखे नहीं होंगे कि खुद क्या पहना है। फिर भी वह दूसरों के कपड़ों पर टिप्पणी करती रहती हैं।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

