टीआरएस ने एक अन्य एमएलसी उम्मीदवार की घोषणा की, पार्टी के गठन के बाद पहला चुनाव
हैदराबाद, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) की प्रमुख के. कविता ने पत्रकार आकाश कोल्लुरु को हैदराबाद-रंगा रेड्डी-महबूबनगर स्नातक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।
हैदराबाद के रहने वाले कोल्लुरु एक दशक से अधिक समय से पत्रकार के रूप में काम कर रहे हैं। आकाश ने अपनी स्कूली शिक्षा बेगमपेट स्थित 'द हैदराबाद पब्लिक स्कूल' से पूरी की और उसके बाद उस्मानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया, जहां उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था।
वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. चितनेनी रघु को हैदराबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए ऑब्जर्वर (पर्यवेक्षक) और कोऑर्डिनेटर (समन्वयक) नियुक्त किया गया है। वारंगल-खम्मम-नलगोंडा सीट के लिए पिछड़े वर्ग के उम्मीदवार नलमासा श्रीकांत गौड़ को मैदान में उतारने के बाद कविता ने इस दूसरी सीट के लिए भी एक पिछड़े वर्ग के उम्मीदवार को ही चुना है।
जाने-माने वकील राम कल्याण चल्ला को दोनों एमएलसी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रणनीति और 'वॉर रूम' का प्रभारी नियुक्त किया गया है। हैदराबाद के लिए सुरभि, मतीन और बांडरी महेंद्र मुदिराज को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। रंगारेड्डी के लिए अर्चना सेनापति, महबूबनगर के लिए रंजीत गोंगाल्ला, नलगोंडा के लिए सुजीत, खम्मम के लिए गट्टू करुणा और वारंगल के लिए मदुगुला राजिरेड्डी को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है।
आगामी द्विवार्षिक चुनावों के लिए उम्मीदवार घोषित करने वाली टीआरएस दूसरी पार्टी है। तेलंगाना विधान परिषद की दो ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव होने हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस ने महबूबनगर-रंगारेड्डी-हैदराबाद निर्वाचन क्षेत्र से समा राममोहन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि वारंगल-खम्मम-नलगोंडा निर्वाचन क्षेत्र से रामरेड्डी सर्वोत्तम रेड्डी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। बीआरएस और भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग ने घोषणा की है कि मार्च 2027 में दो सीटें रिक्त होने वाली हैं। इन रिक्तियों को द्विवार्षिक चुनाव कराकर भरा जाना है। निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूचियों का मसौदा 25 नवंबर 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 30 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम

