Samachar Nama
×

'गुरुओं की बेअदबी के लिए भगवंत मान पर दर्ज हो मुकदमा', भाजपा सांसद तरुण चुघ की मांग

'गुरुओं की बेअदबी के लिए भगवंत मान पर दर्ज हो मुकदमा', भाजपा सांसद तरुण चुघ की मांग
'गुरुओं की बेअदबी के लिए भगवंत मान पर दर्ज हो मुकदमा', भाजपा सांसद तरुण चुघ की मांग

नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित वायरल वीडियो को लेकर उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच श्री अकाल तख्त साहिब ने दो स्वतंत्र प्रयोगशालाओं से कराई गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो न तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बनाया गया है और न ही उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई है। भगवंत मान पर बेअदबी करने के लिए मुकदमा दर्ज करना चाहिए।

तरुण चुघ ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि श्री अकाल तख्त साहिब ने वीडियो में गुरुओं के प्रति कथित अभद्रता और बेअदबी को गंभीर मानते हुए भगवंत मान को "गुरुदोषी" और "पंथ विरोधी" बताते हुए उनके सामाजिक बहिष्कार की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने कथित कृत्यों के लिए एक मिनट भी पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि भगवंत मान लगातार अपने बचाव में अलग-अलग दावे कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "पहले उन्होंने कहा कि वीडियो एआई से तैयार किया गया है, फिर कहा कि उसमें मास्क का इस्तेमाल हुआ है। अब वे नए-नए बहाने बना रहे हैं। इससे साफ है कि वह सच छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।"

तरुण चुघ ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने खुद को बचाने के लिए एक झूठी और फर्जी रिपोर्ट तैयार कराई। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला अब महापाप का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पंजाब के राज्यपाल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर मांग की है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ बेअदबी कानून के तहत कार्रवाई की जाए, उन्हें गिरफ्तार किया जाए और मुख्यमंत्री पद से हटाया जाए।

इस दौरान तरुण चुघ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार झूठे बयान देकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी एक 'हैबिचुअल ऑफेंडर' की तरह व्यवहार करते हैं। पहले झूठ फैलाते हैं, भ्रम पैदा करते हैं और फिर बाद में सफाई देते हैं।"

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी एजेंसियों और विदेशी टूलकिट के माध्यम से भारत की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब ऐसे बयानों को समझ चुकी है और कांग्रेस की राजनीति को देख रही है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags