Samachar Nama
×

बेटे ने ईंट से मारकर पिता की हत्या कर दी, पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को गिरफ्तार किया

सरायपाली (महासमुंद), 19 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम रिसेकेला में एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। घरेलू विवाद पर बेटे ने अपने पिता को ईंट मारकर मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र कुछ घंटों के अंदर ही आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 17 मई की रात ग्राम रिसेकेला निवासी जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान (48 वर्ष) और उनके बेटे अजय सागर उर्फ अजय चौहान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि अजय ने गुस्से में आकर अपने पिता के सिर पर घर की बाड़ में पड़ी ईंट से लगातार हमला कर दिया। हमले में जयलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

परिवार वालों ने तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

18 मई को जयलाल के भाई हरजीत चौहान ने सरायपाली थाने में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। शव के सिर पर गहरी चोट के निशान देखकर मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू की।

पूछताछ में यह बात सामने आई कि बेटे अजय ने ही पिता की हत्या की। इसके बाद पुलिस ने अजय चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। उसी दिन रात करीब 8 बजे मुखबिर की सूचना पर पता चला कि आरोपी ग्राम बोदापाली क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी अजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी अजय चौहान को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस ने बहुत कम समय में मामले को सुलझाकर अच्छा काम किया है।

--आईएएनएस

एसएचके/डीकेपी

Share this story

Tags