Samachar Nama
×

बेंगलुरु : पिता ने नाबालिग बेटियों की गला घोंटकर की हत्या, खुद भी की जिंदगी खत्म करने की कोशिश

बेंगलुरु : पिता ने नाबालिग बेटियों की गला घोंटकर की हत्या, खुद भी की जिंदगी खत्म करने की कोशिश
बेंगलुरु : पिता ने नाबालिग बेटियों की गला घोंटकर की हत्या, खुद भी की जिंदगी खत्म करने की कोशिश

बेंगलुरु, 10 अगस्त (आईएएनएस)। बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने ताज होटल में दो नाबालिग बेटियों की गला घोंटकर हत्या कर दी और खुद भी खुदकुशी करने की कोशिश की।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि बेंगलुरु में एयरपोर्ट रोड पर स्थित ताज होटल में 40 वर्ष के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी दो नाबालिग बेटियों का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुदकुशी की कोशिश की।

मृतक बच्चियों की पहचान 5 वर्ष की शेख जेहरा और 10 वर्ष की शेख जोया के तौर पर हुई है। वहीं, आरोपी पिता की पहचान एसजी इमरान (40) के रूप में हुई है, जो नागावारा का रहने वाला है। वह गंभीर हालत में मिला और उसे मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, इमरान के छोड़े गए कथित सुसाइड नोट में पत्नी के साथ वैवाहिक झगड़ों का जिक्र है और आरोप लगाया गया है कि उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है। उसने नोट में यह भी दावा किया है कि उसके पास इस कथित रिश्ते के सबूत हैं।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे नोट में लिखी बातों और घटना के पीछे के असली मकसद की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। पुलिस ने बताया कि बच्चियों का गला घोंटा गया था।

बता दें कि आत्महत्या का एक दूसरा मामला सोमवार को उत्तर प्रदेश के इटावा से सामने आया, जहां सैफई थाने में तैनात 2019 बैच की महिला कांस्टेबल प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने उसके पति रजत को गिरफ्तार कर लिया है। प्रियंका मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थी और इटावा पुलिस लाइन में रह रही थी। जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। उसे तत्काल डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर होने पर पीजीआई सैफई रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान प्रियंका ने दम तोड़ दिया।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags