Samachar Nama
×

बेंगलुरु: इस्कॉन मंदिरों में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, लाखों भक्त हुए शामिल

बेंगलुरु: इस्कॉन मंदिरों में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, लाखों भक्त हुए शामिल
बेंगलुरु: इस्कॉन मंदिरों में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, लाखों भक्त हुए शामिल

बेंगलुरु, 4 सितंबर (आईएएनएस)। इस्कॉन बेंगलुरु के मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का जश्न मनाया गया, जिसमें लाखों भक्त शामिल हुए। शहर में 3 और 4 सितंबर को धार्मिक उत्सव हुए, जिनमें भक्ति कार्यक्रम, विशेष पूजा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल थीं।

शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह जश्न बेंगलुरु में चार जगहों पर मनाया गया, जहां देश भर से भक्त भगवान कृष्ण की पूजा करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए मंदिरों में आए।

इस मौके पर हरे कृष्ण हिल स्थित इस्कॉन श्रीराधा कृष्ण मंदिर और वैकुंठ हिल स्थित इस्कॉन श्री राजाधिराज गोविंदा मंदिर को फूलों और सजावटी झालरों से सजाया गया था। मुख्य मूर्तियों को नए कपड़े, गहने और फूलों की मालाओं से सजाया गया था।

उत्सव में कई पारंपरिक रीति-रिवाज और भक्ति सेवाएं शामिल थीं, जैसे अभिषेक, आरती, छप्पन भोग, माखन-मिश्री सेवा, पुष्पांजलि सेवा, पालकी उत्सव और झूलन सेवा। श्रीकृष्ण के दिव्य अवतरण के उपलक्ष्य में शुक्रवार को रात को भव्य अभिषेक भी किया गया।

अन्य कार्यक्रमों में गौ पूजा, कोटि जप यज्ञ, गीता पारायण, भक्ति संगीत और नृत्य प्रस्तुतियां, और बच्चों द्वारा श्लोक पाठ शामिल थे। एक ऑनलाइन कृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें माता-पिता ने अपने बच्चों को राधा और भगवान कृष्ण के रूप में तैयार किया। उत्सव के दौरान सभी जगहों पर भक्तों और आने वाले लोगों को प्रसाद बांटा गया।

कई प्रमुख हस्तियों ने मंदिरों का दौरा किया और पूजा-अर्चना की। इनमें कर्नाटक के मंत्री पुत्तरंगा शेट्टी और एचसी बालकृष्ण; लोकसभा सदस्य और राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे और सीएन मंजूनाथ; पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद; कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सीएन अश्वथ नारायण; पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक के. गोपालाया; सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज एन. संतोष हेगड़े; और अभिनेता व राज्यसभा सदस्य जग्गेश शामिल थे।

कर्नाटक ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (केटीपीओ) व्हाइटफील्ड में जश्न के दौरान "फ्रॉम योर किचन टू कृष्णा विद लव" नाम का एक खास कार्यक्रम हुआ। इसके तहत भगवान कृष्ण के 5,253वें प्राकट्य दिवस की याद में 5,253 तरह के खाने की चीजें नैवेद्य के तौर पर अर्पित की गईं।

युवा दर्शकों को जोड़ने के लिए जश्न के हिस्से के तौर पर 'कृष्ण जैमफेस्ट' का आयोजन किया गया, जिसमें युवा बैंड्स ने भजन गाए। कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले कलाकार एबी वी ने भी एक भक्ति संगीत कार्यक्रम पेश किया।

केटीपीओ में जश्न का कार्यक्रम 5 सितंबर को भी जारी रहेगा। इस्कॉन बैंगलोर ने "स्वागतम कृष्ण" नाम से जन्माष्टमी का डिजिटल जश्न भी मनाया, जिसे दुनिया भर के भक्तों के लिए लाइव-स्ट्रीम किया गया। इस्कॉन बैंगलोर के अध्यक्ष मधु पंडित दास ने कहा कि संगठन जश्न के दौरान लाखों भक्तों का स्वागत करके खुश है। उन्होंने कहा, "यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि जन्माष्टमी का जश्न धीरे-धीरे शहर के हर घर और परिवार का अहम हिस्सा बन गया है।"

उन्होंने दानदाताओं, शुभचिंतकों, स्वयंसेवकों, प्रशासन और भीड़ को संभालने व जश्न को सफल बनाने में शामिल अन्य लोगों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने मानवता पर श्रीराधा कृष्णचंद्र की कृपा बनी रहे, इसके लिए भी प्रार्थना की।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story

Tags