बंगाल विधानसभा चुनाव जीत के बाद पंजाब में भी बदलाव तय: पंकज सिंह
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। दिल्ली सरकार में मंत्री पंकज सिंह ने इस जीत को जनता के विश्वास की जीत करार देते हुए कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाता है।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने स्पष्ट रूप से भाजपा को चुनकर यह संदेश दिया है कि वह बदलाव चाहती थी और अब वह बदलाव साकार हुआ है। पंकज सिंह ने कहा कि जिस तरह पश्चिम बंगाल में जनता ने मौजूदा हालात से तंग आकर भाजपा को समर्थन दिया, उसी तरह पंजाब की जनता भी वर्तमान सरकार को जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता भली-भांति जानती है कि वे क्या कहते हैं और क्या करते हैं। उनके अनुसार, जिस प्रकार पश्चिम बंगाल पहले अव्यवस्था और समस्याओं से जूझ रहा था, वैसी ही स्थिति आज पंजाब में भी देखने को मिल रही है।
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वहां की जनता ने बहुत सोच-समझकर अपना फैसला सुनाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता भी आने वाले समय में ऐसा ही निर्णय लेगी। सिरसा ने पंजाब की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में नशे की समस्या गंभीर स्तर पर पहुंच चुकी है और यह अब स्कूलों तक फैल चुकी है। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरों का प्रभाव भी काफी बढ़ गया है, जो कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ है।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब पर लगभग चार लाख करोड़ रुपए का कर्ज हो चुका है, जिसमें से दो लाख करोड़ रुपए मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल में लिया गया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बारे में मंत्री सिरसा कहते हैं, "वह अपना समय अपने ही ड्रामे और नौटंकी में बिताते हैं। वह कभी किसी गंभीर मुद्दे पर बात नहीं करते। अगर हम पार्टी छोड़ने वाले लोगों की बात करें, तो आम आदमी पार्टी के 50 प्रतिशत विधायक और 50 प्रतिशत सांसद मैं आपको नाम लेकर बता सकता हूं। भगवंत मान को अपने ड्रामे और नौटंकी से निकलकर काम पर ध्यान देना चाहिए।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

