बंगाल में हिंसा बर्दाश्त नहीं करेंगे : लॉकेट चटर्जी
कोलकाता, 7 मई (आईएएनएस)। बंगाल में भाजपा की वरिष्ठ नेता लॉकेट चटर्जी ने सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या मामले में ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में हम हिंसा बर्दाश्त नहीं करेंगे।
आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमने अभी सरकार नहीं बनाई है। यह पुलिस और चुनाव आयोग के हाथों में है और इसे सख्ती से निपटा जाना चाहिए। इससे पता चलता है कि पश्चिम बंगाल में गैंग का नेटवर्क अभी खत्म नहीं हुआ है और इसमें समय लगेगा।
कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो रही हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपनी मौजूदगी दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को कुछ नहीं होगा, लोग अच्छे से रहेंगे, हम अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं और हम किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पर 34 साल तक सीपीएम और 15 साल तक टीएमसी का राज रहा है। यह बम, बंदूक और गोलियों की जगह है। पश्चिम बंगाल के लोगों ने इसे खत्म करने के लिए हमारा साथ दिया है।
ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार करने पर लॉकेट चटर्जी ने कहा कि वह हमसे बेहतर कानून जानती हैं और लोगों ने उन्हें हटा दिया है, इसलिए उन्हें जाना ही पड़ेगा।
वहीं, भाजपा नेता शंकर गुछैत ने सुवेंदु अधिकारी के पीएम की हत्या और सीएम ममता बनर्जी के अपने पद से इस्तीफा न देने पर कहा कि जब वे चुनाव हार चुकी हैं तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। बंगाल में गुंडाराज नहीं चलेगा। 9 मई के बाद बंगाल में गुंडाराज का खात्मा होगा।
सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या मामले में भाजपा नेता कीया घोष ने कहा कि यह एक बहुत ही शर्मनाक और दुखद घटना है। यह सत्ता छोड़ने से पहले ममता बनर्जी की बदले की कार्रवाई है। हमने देखा कि हमारे सभी भाजपा नेता और सुवेंदु अधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पूरी कोशिश की गई थी कि किसी भी हालत में सुवेंदु अधिकारी के पीए की जान न बच पाए और कहीं न कहीं लगता है कि वे सुवेंदु अधिकारी को टारगेट कर रहे थे। बंगाल में हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

