बंगाल में भाजपा की सरकार तय, 200 सीटों पर जीत निश्चित : भाजपा सांसद राहुल सिन्हा
कोलकाता, 3 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राहुल सिन्हा ने रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भरोसा जताया कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने आईएएनएस से बात करते हुए दावा किया, "पार्टी लगभग 200 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सीटों की संख्या पर बहस करने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि जनता का मूड पूरी तरह भाजपा के पक्ष में है।"
राहुल सिन्हा ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "वहां अभिषेक बनर्जी ने गुंडागर्दी का ऐसा माहौल बनाया था, जिसमें जहांगीर जैसे लोग सक्रिय थे। वर्षों से वहां के लोग, खासकर हिंदू मतदाता, डर के मारे वोट नहीं डाल पाते थे। क्षेत्र मुस्लिम बहुल माना जाता था, लेकिन वास्तव में वहां हिंदू बहुसंख्यक हैं। फिर भी धमकी और आतंक के कारण लोग अपने नागरिक अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाते थे।"
उन्होंने इस बार की घटनाओं का भी जिक्र किया। सिन्हा के अनुसार, "इस बार टीएमसी गुंडागर्दी नहीं कर पाई, लेकिन उन्होंने चोरी का नया तरीका अपनाया। ईवीएम के बटनों पर इत्र लगाकर और सेलोटेप चिपकाकर टीएमसी कार्यकर्ता यह पहचानने की कोशिश कर रहे थे कि किसने उनकी पार्टी का बटन नहीं दबाया। बाकी सभी बटनों पर सेलोटेप लगा दिया गया था। जब तक इसकी जानकारी हुई, तब तक 58 प्रतिशत मतदान हो चुका था। साथ ही कैमरे भी घुमा दिए गए थे।"
भाजपा सांसद ने बताया, "वहां इस अनियमितता को पकड़ लिया गया। इसके बाद चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया और मतदान 21 मई को कराने और परिणाम 24 मई को घोषित करने का ऐलान किया।"
ईवीएम को लेकर उठ रहे सवालों पर सिन्हा ने कहा, "ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें कोई संदेह नहीं है। ममता बनर्जी झूठे आरोप लगा रही हैं क्योंकि उन्हें अहसास हो गया है कि वे चुनाव हारने वाली हैं। भवानीपुर समेत पूरे बंगाल में उनकी हार तय है। वोटों की गिनती शुरू होने से पहले ही वे इसे बॉयकॉट कर देंगी।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर 500 वोटों के अंतर वाली सीटों को टीएमसी को दान भी कर दिया जाए, तब भी ममता दीदी बंगाल में सरकार बनाने में सक्षम नहीं होंगी।"
राहुल सिन्हा ने सुरक्षा बलों से अपील की कि हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएं। लोकतंत्र में मतदाताओं को बिना भय के वोट डालने का अधिकार मिलना चाहिए।
केरल में भाजपा के प्रदर्शन पर सिन्हा ने कहा, "पार्टी को वहां अच्छे नतीजे मिलने की उम्मीद है, हालांकि सटीक आंकड़ा बाद में स्पष्ट होगा।"
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

