Samachar Nama
×

बेगूसराय से 551 आदर्श विद्यालयों की सौगात, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले-'बिहार पढ़ेगा, तभी बिहार आगे बढ़ेगा'

बेगूसराय से 551 आदर्श विद्यालयों की सौगात, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले-'बिहार पढ़ेगा, तभी बिहार आगे बढ़ेगा'
बेगूसराय से 551 आदर्श विद्यालयों की सौगात, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले-'बिहार पढ़ेगा, तभी बिहार आगे बढ़ेगा'

बेगूसराय, 19 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बेगूसराय में आयोजित एक समारोह में राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है और राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक तथा तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है, जहां प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त माहौल मिले। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में भी निजी विद्यालयों जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं ताकि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को समान अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' की शुरुआत की है और 15 अगस्त से एक एप्प के माध्यम से विद्यार्थियों को लाइव एवं इंटरैक्टिव कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

चयनित विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल स्टूडियो, आधुनिक प्रयोगशालाएं तथा नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की भी व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही दिन में 551 आदर्श विद्यालयों का उद्घाटन ऐतिहासिक उपलब्धि है, जहां लगभग चार लाख विद्यार्थी अध्ययन करेंगे। उन्होंने कहा कि ये विद्यालय केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने का मजबूत आधार हैं।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि शिक्षकों के स्थानांतरण की पारदर्शी प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू होगी। साथ ही हाल ही में 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं और विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेगूसराय के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' के नाम पर बेगूसराय में एक विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा 10 एकड़ भूमि पर भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति) मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने सिमरिया से भागलपुर तक गंगा नदी के किनारे मरीन ड्राइव तथा रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे परियोजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और संपर्क व्यवस्था को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना, रोजगार और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में समन्वित विकास की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और नदी जोड़ो जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित कई मंत्री, विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

Share this story