"चोर समझकर पीटा, फिर बना दामाद": आधी रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, अगली सुबह हुई शादी
आधी रात का समय था। एक युवक चुपके से एक घर में घुस गया। तभी लाइट जली और घर के लोग जाग गए। युवक को देखते ही वह चिल्लाया - चोर-चोर। बस फिर क्या था? उसकी पिटाई कर दी गई। युवक कहने लगा - एक बार मेरी बात तो सुन लो। फिर उसने अपने बारे में ऐसी बात बताई कि अगली सुबह परिवार ने उसे अपना दामाद मान लिया। अब इस शादी की चर्चा हर जगह हो रही है। घटना उत्तर प्रदेश के जौनपुर की है। दरअसल, जिस घर में युवक घुसा था, वहाँ उसकी प्रेमिका रहती थी। वह आधी रात को अपनी प्रेमिका से मिलने पहुँचा था। लेकिन किस्मत खराब थी। प्रेमिका के घरवालों ने उसे चोर समझकर पीटा। बाद में जब लड़के ने सच बताया, तो अगले दिन परिवार ने अपनी बेटी की शादी करवा दी।
चोर समझकर पीटा
जानकारी के अनुसार, यह अजीबोगरीब मामला जसरपठान थाना क्षेत्र के करीमपुर खुर्द गाँव का है। सोमवार रात खुटहन थाना क्षेत्र के पनौली गाँव निवासी विकास पासवान अपनी प्रेमिका रूबी से मिलने उसके घर चुपके से घुस गया। किसी ने रात के अंधेरे में विकास को घर में घुसते देखा। उसे चोर समझकर शोर मचा दिया। घर के लोग भी जाग गए और फिर सबने मिलकर विकास को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
शादी की चर्चा
पकड़े जाने के बाद जब युवक से पूछताछ की गई, तो उसकी पहचान विकास पासवान के रूप में हुई। युवक ने बताया कि वह चोर नहीं है और अपनी प्रेमिका से मिलने आया है। उसने अपनी प्रेमिका का नाम रूबी बताया। रूबी से पुष्टि हुई कि दोनों का वाकई अफेयर चल रहा है। इस पर रूबी मान गई और साथ रहने की बात कही। फिर अगली सुबह दोनों ने शादी कर ली। अब इस शादी की चर्चा हर जगह हो रही है।

