हैवानियत! आखिर क्यों इस शख्स काट डाले तीन गायों के थन, पुलिस ने आरोपी सैयद नसरू को दबोचा
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चामराजपेट इलाके में तीन गायों के थन आंशिक रूप से काटे गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस हैवानियत के आरोपी को चामराजपेट इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिहार के चंपारण जिले के निवासी 30 वर्षीय सैयद नसरू के रूप में हुई है। आइये इस पूरी घटना के बारे में विस्तार से जानते हैं।
दरअसल, कॉटनपेट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत विनायक नगर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाशों ने शनिवार और रविवार की रात के बीच तीन गायों के थनों को आंशिक रूप से काट दिया है। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम और बीएनएस की धारा 325 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बिहार के चंपारण जिले के रहने वाले नसरू नाम के शख्स ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद सैयद नसरू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गायों के साथ क्रूरता की इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और भाजपा ने दोषियों को तुरंत पकड़ने की चेतावनी भी जारी की। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना पर कड़ा रुख अपनाया और बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त बी. दयानंद को मामला सुलझाने का निर्देश दिया।
पुलिस ने बताया कि सैयद नसरू ने नशे की हालत में गायों के साथ यह जघन्य कृत्य किया। जानकारी के अनुसार आरोपी घटना स्थल से 50 मीटर दूर प्लास्टिक और कपड़े के बैग सिलाई की दुकान में काम करता था। पुलिस के अनुसार, यह स्पष्ट हो गया है कि घटना में कोई और शामिल नहीं है। आरोपी सैयद नसरू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे 24 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घायल गायों का पशु चिकित्सालय में इलाज कराया गया है और अब उनकी हालत बेहतर है।