बीडीएल में प्रोजेक्ट इंजीनियर बनने का मौका, 20 पदों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 6 और 7 जून को
बेंगलुरु, 30 मई (आईएएनएस)। भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) ने कंचनबाग यूनिट, हैदराबाद, तेलंगाना में अस्थायी (अनुबंध) आधार पर प्रोजेक्ट इंजीनियर के विभिन्न 20 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
बीडीएल की ओर से जारी 20 रिक्तियों में प्रोजेक्ट इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 10, प्रोजेक्ट इंजीनियर (मैकेनिकल) के 5 और प्रोजेक्ट इंजीनियर (कंप्यूटर साइंस) के 5 पद शामिल हैं। इनमें एससी के 3, एसटी का 1, ओबीसी (एनसीएल) के 5, ईडब्ल्यूएस के 2 और यूआर के 9 पद शामिल हैं।
प्रोजेक्ट इंजीनियर पोस्ट पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पहले वर्ष 30,000 रुपए, दूसरे वर्ष 33,000 रुपए, तीसरे वर्ष 36,000 रुपए और चौथे वर्ष 39,000 रुपए प्रतिमाह होगी। इसी के साथ सभी कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। आवेदकों का कार्यस्थल बीडीएल - प्रोजेक्ट ऑफिस, एडीई, सुरंजन दास रोड, न्यू तिप्पसंद्रा, बेंगलुरु होगा।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास 4 वर्षीय बीई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग/एकीकृत एमई/एमटेक प्रथम श्रेणी में या समकक्ष विषय (इलेक्ट्रॉनिक्स)/(मैकेनिकल)/(कंप्यूटर विज्ञान) में एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थान/विश्वविद्यालय से होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 7 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू 6 और 7 जून को सुबह 9 बजे से 'एयरोनॉटिकल सोसायटी ऑफ भारत (एईएसआई), सुरंजन दास रोड, इंजन डिवीजन के सामने, बिन्ना मंगला, न्यू तिप्पसंद्रा, बेंगलुरु-560075 पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें निर्धारित पते पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी और सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल के साथ फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले बीडीएल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर पत्र में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने साथ ले जाएं।
कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए बीडीएल की ओर से संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी

