Samachar Nama
×

बीसीसीआई अध्यक्ष मन्हास ने सचिव सैकिया को आईसीसी में नई भूमिकाओं के लिए बधाई दी

बीसीसीआई अध्यक्ष मन्हास ने सचिव सैकिया को आईसीसी में नई भूमिकाओं के लिए बधाई दी
बीसीसीआई अध्यक्ष मन्हास ने सचिव सैकिया को आईसीसी में नई भूमिकाओं के लिए बधाई दी

नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मनहास ने बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की गवर्नेंस रिव्यू कमेटी का चेयरमैन चुने जाने और आईसीसी फ्रेंचाइजी लीग कमेटी का सदस्य नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है। स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में आयोजित आईसीसी की वार्षिक कॉन्फ्रेंस के दौरान सैकिया को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

आईसीसी बोर्ड ने अपनी सालाना बैठकों के दौरान दो नई सब-कमेटी बनाने को मंजूरी दी, जिसमें सैकिया को नई गवर्नेंस रिव्यू कमेटी का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वह क्रिकेट साउथ अफ्रीका के मोहम्मद मूसाजी और आईसीसी के स्वतंत्र निदेशक रॉस रिवाज के साथ काम करेंगे। सैकिया को नई फ्रेंचाइजी लीग कमेटी का सदस्य भी बनाया गया है, जिसकी अध्यक्षता बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल करेंगे।

इस घोषणा के बाद, मन्हास ने इन नियुक्तियों को क्रिकेट प्रशासन में सैकिया के योगदान की पहचान बताया और खेल के वैश्विक विकास में योगदान देने की उनकी क्षमता पर भरोसा जताया।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए, मन्हास ने अपने सहयोगी की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में हाल ही में हुई आईसीसी सालाना कॉन्फ्रेंस में आईसीसी गवर्नेंस रिव्यू कमेटी का चेयरमैन और आईसीसी फ्रेंचाइजी लीग कमेटी का सदस्य चुने जाने पर बीसीसीआई में मेरे सहयोगी देवजीत सैकिया को बहुत-बहुत बधाई।"

मन्हास ने कहा कि ये नियुक्तियां खेल के प्रशासन में सैकिया के लगातार योगदान को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा, "यह खास नियुक्ति क्रिकेट के प्रशासन और विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और अमूल्य योगदान की सही पहचान है। मुझे भरोसा है कि उनका अनुभव और नजरिया हमारे खेल के वैश्विक विकास को और मजबूत करेगा।"

गवर्नेंस रिव्यू कमेटी उन दो नई बोर्ड सब-कमेटी में से एक है जिन्हें आईसीसी ने क्रिकेट प्रशासन के अहम पहलुओं की देखरेख के लिए बनाया है। गवर्नेंस पैनल में सैकिया के नेतृत्व के साथ-साथ, नई बनी फ्रेंचाइजी लीग कमिटी में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट नामीबिया, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और बीसीसीआई के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। यह आईसीसी का गवर्नेंस स्ट्रक्चर को मजबूत करने और तेजी से बढ़ रहे फ्रेंचाइजी क्रिकेट के दायरे पर लगातार ध्यान देने को दर्शाता है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story