'बार-बार क्यों टूट रही उद्धव की शिवसेना? करना चाहिए आत्मचिंतन', संजय राउत पर विधायक किशोर पाटिल का पलटवार
जलगांव, 18 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) में टूट को लेकर शिवसेना विधायक किशोर पाटिल ने सवाल उठाया है कि संजय राउत समेत उनकी पार्टी को यह सोचना चाहिए कि आखिर उनके साथ ही यह सब क्यों हो रहा है? अन्य भी दल हैं, उनके साथ ऐसा क्यों नहीं हो रहा है?
शिवसेना विधायक किशोर पाटिल ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) में ही क्यों टूट हो रही है, इसके बारे में संजय राउत को भी विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बात सिर्फ एक इंसान की नहीं है, बल्कि गणेश नाइक, छगन भुजबल, नारायण राणे और एकनाथ शिंदे भी चले गए। क्या ये सभी गलत हैं और अकेले संजय राउत सही हैं? ऐसा नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि क्या सभी गलत हैं और संजय राउत सही हैं? ऐसा ठीक नहीं है। इस पर संजय राउत और शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं को आत्मचिंतन करना चाहिए। किशोर पाटिल ने संजय राउत को सलाह दी कि वह उलटी-सीधी बयानबाजी करने की जगह पार्टी में टूट के कारणों का पता लगाएं।
संजय राउत के बयान पर किशोर पाटिल ने कहा कि 90 प्रतिशत शिवसैनिक अब एकनाथ शिंदे के साथ खड़े हैं। जमीन पर कुछ करने के लिए कार्यकर्ताओं की जरूरत पड़ती है और इनके पास कार्यकर्ता ही नहीं बचे हैं। सभी नेता और कार्यकर्ता चले गए, ऐसे में ये किसके साथ चर्चा कर रहे हैं और किसे निर्देश देने की कोशिश कर रहे हैं?
संजय राउत की धमकी पर उन्होंने कहा कि संजय राउत नहीं, कोई भी शिवसेना के सांसदों को हाथ नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हमारी शिवसेना का स्थापना दिवस है और उसी दिन ये सांसद हमारे साथ (शिवसेना) दिखाई देंगे।
बता दें कि शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों द्वारा पार्टी छोड़ने और शिंदे गुट में शामिल होने की संभावना है। इस पर संजय राउत ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी और इन सांसदों को सबक सिखाने की अपील की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने सांसदों के लिए अपशब्दों का प्रयोग भी किया था।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

